केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रिकॉर्ड आठवां लगातार बजट पेश किया

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रिकॉर्ड आठवां लगातार बजट पेश किया
महिलाओं, एससी/एसटी और पिछड़े वर्ग के लिए बड़ा ऐलान, मिलेगा 2 करोड़ तक का टर्म लोन
स्टैंडर्ड डिडक्शन के साथ 12.75 लाख की कर योग्य आय पर कोई टैक्स नहीं
नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज देश का आगामी बजट पेश किया। अपने बजट भाषण में वित्त मंत्री ने कहा कि 2025 के बजट में प्रस्तावित विकासात्मक उपायों का उद्देश्य देश के गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं के उत्थान के लिए काम करना है। वित्त मंत्री ने इस बजट में 10 प्रमुख क्षेत्रों पर जोर देने का जिक्र किया, जिनमें हर क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए विशेष योजनाओं का प्रस्ताव किया गया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने बजट भाषण में महिलाओं और एससी/एसटी (आदिवासी एवं अनुसूचित जाति) के साथ-साथ पिछड़े वर्गों से पहले बार उद्यमिता में कदम रखने वालों के लिए 2 करोड़ रुपये तक के टर्म लोन की घोषणा की है। वित्त मंत्री ने अपने भाषण में कहा कि सरकार का सबके विकास पर जोर है। मध्यम वर्ग की खपत बढ़ाने पर जोर है। उन्होंने कहा कि जियोपॉलिटिकल तनाव से ग्लोबल ग्रोथ में कमी आई है। सीतारमण ने अपने बजट भाषण में कहा कि देश के गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं के उत्थान के लिए काम करना है। वित्त मंत्री 1 घंटे 15 मिनट का बजट भाषण दिया है।
5 लाख उद्यमियों को मिलेगा लाभ
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि सरकार पहली बार उद्यम शुरू करने वाली पांच लाख महिलाओं, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उद्यमियों के लिए दो करोड़ रुपये का ऋण शुरू करेगी। वित्त मंत्री ने 2025-26 के लिए केंद्रीय बजट पेश करते हुए यह भी कहा कि एसएमई और बड़े उद्योगों के लिए एक विनिर्माण मिशन स्थापित किया जाएगा।
ऋण गारंटी ‘कवर’ दोगुना
इसके अलावा सरकार श्रम-प्रधान क्षेत्रों की उत्पादकता बढ़ाने के लिए सुविधाजनक उपाय करेगी। उन्होंने कहा कि ऋण गारंटी ‘कवर’ को दोगुना करके 20 करोड़ रुपये किया जाएगा और गारंटी शुल्क को घटाकर एक प्रतिशत किया जाएगा। मंत्री ने बिहार में राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी, उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान की स्थापना करने की घोषणा भी की।
सीनियर सिटीजन को राहत
इस बजट में आईटीआर और टीडीएस की सीमा बढ़ाई गई है। टीडीएस की सीमा बढ़ाकर 10 लाख की गई है। टैक्स डिडक्शन में बुजुर्गों के लिए बड़ा ऐलान किया गया है। चार साल तक रिटर्न भर सकेंगे। सीनियर सिटीजन को टैक्स पर छूट दोगुनी की गई है। छूट को 50 हजार से बढ़ाकर 1 लाख किया गया है।
प्रधानमंत्री धनधान्य योजना
वित्त मंत्री ने बजट में किसानों के लिए ‘प्रधानमंत्री धनधान्य योजना’ की घोषणा की है। राज्यों के साथ सरकार ये योजना चलाएगी। 1.7 करोड़ किसानों को मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि गरीब, युवा, महिला, किसानों की बेहतरी पर फोकस रहेगा। फार्म ग्रोथ, ग्रामीण विकास, मैन्युफैक्चरिंग पर ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही फाइनेंशियल सेक्टर के रिफॉर्म पर ध्यान देंगे। 100 जिलों में धन धान्य योजना की शुरुआत हो रही है। वहीं, किसान क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढक़र 5 लाख कर दी गई है।
संशोधित उड़ान योजना शुरू की जाएगी- वित्त मंत्री
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, ” 120 नए गंतव्यों तक क्षेत्रीय संपर्क बढ़ाने और अगले 10 वर्षों में 4 करोड़ अतिरिक्त यात्रियों को ले जाने के लिए संशोधित उड़ान योजना शुरू की जाएगी। यह योजना पहाड़ी, आकांक्षी और पूर्वोत्तर क्षेत्रीय जिलों में हेलीपैड और छोटे हवाई अड्डों का भी समर्थन करेगी। राज्य की भविष्य की जरूरतों को पूरा करने के लिए बिहार में ग्रीनफील्ड हवाई अड्डों की सुविधा दी जाएगी। ये पटना हवाई अड्डे और बिहटा में ब्राउनफील्ड हवाई अड्डे की क्षमता के विस्तार के अतिरिक्त होंगे। मिथिलांचल में पश्चिमी कोसी नहर ईआरएम परियोजना के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी, जिससे बिहार के मिथिलांचल क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसानों को लाभ होगा।”
स्टैंडर्ड डिडक्शन के साथ 12.75 लाख की कर योग्य आय पर कोई टैक्स नहीं
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मध्यम वर्ग को बड़ी राहत दे दी है। अब 12 लाख रुपये तक की आमदनी आयकर के दायरे से बाहर होगी। वित्त मंत्री ने प्रत्यक्ष कर पर बजट में कहा कि नए आयकर विधेयक में न्याय की भावना को प्रमुखता दी जाएगी।
कितने रुपये तक की कर योग्य आय पर अब नहीं देना होगा टैक्स?
वित्त मंत्री ने कहा कि 12 लाख रुपये तक की आमदनी पर अब कोई आयकर नहीं लगेगा। इसमें जब स्टैंडर्ड डिडक्शन भी जोड़ देंगे तो वेतनभोगी लोगों के लिए 12.75 लाख रुपये की करयोग्य आय पर कोई टैक्स नहीं लगेगा। वित्त मंत्री ने कहा है कि इस फैसले से मध्यम वर्ग पर करों को काफी हद तक कम करने में मदद मिलेगी। उनके पास अधिक पैसा छोडऩे, घरेलू खपत, बचत और निवेश बढ़ाने का मौका होगा। वित्त मंत्री ने एलान किया है सभी करदाताओं को लाभ पहुंचाने के लिए आयकर स्लैब और दरों में बदलाव किया जा रहा है। वित्त मंत्री ने कहा है कि नई कर व्यवस्था के तहत 12 लाख की आय तक शून्य आयकर लगेगा। मध्यम वर्ग पर सरकार ने विशेष ध्यान दिया है और व्यक्तिगत आयकर प्रणाली में सुधार किया है।
बजट भाषण से पहले राष्ट्रपति मुर्मू ने निर्मला सीतारमण को खिलाई दही-चीनी (फोटो कैप्शन)
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण वित्त मंत्रालय से राष्ट्रपति भवन पहुंचीं। राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात वित्त मंत्री ने उन्हें बजट के अहम प्रावधानों और बदलावों की जानकारी दी। यह परंपरा है, जिसमें राष्ट्रपति की मंजूरी ली जाती है। राष्ट्रपति ने वित्त मंत्री का दही चीनी खिलाकर मुंह मीठा कराया। साथ में नाश्ता भी किया।
बजट से पहले सस्ता हो गया एलपीजी सिलेंडर
एलपीजी सिलेंडर के दाम घट गये हैं। 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में यह कटौती हुई है। इस एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 7 रुपये की गिरावट आई है। हालांकि, घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। रसोई गैस सिलेंडर के दाम 1 अगस्त 2024 के बाद से अपरिवर्तित हैं। कॉमर्शियल गैस सिलेंडर का इस्तेमाल व्यावसायिक कार्यों जैसे- होटल, रेस्टोरेंट, खाद्य पदार्थों की दुकानों, फूड स्टॉल और शादी-ब्याह में होता है। घरों में काम आने वाले रसोई गैस सिलेंडर के दाम में आज कोई बदलाव नहीं हुआ है।
बजट मोदी सरकार की दूरदर्शिता का ब्लूप्रिंट- अमित शाह
गृह मंत्री अमित शाह ने केंद्रीय बजट पर कहा, “बजट-2025 विकसित और हर क्षेत्र में श्रेष्ठ भारत के निर्माण की दिशा में मोदी सरकार की दूरदर्शिता का ब्लूप्रिंट है। किसान, गरीब, मध्यम वर्ग, महिला और बच्चों की शिक्षा, पोषण व स्वास्थ्य से लेकर स्टार्टअप, इनोवेशन और इन्वेस्टमेंट तक, हर क्षेत्र को समाहित करता यह बजट मोदी जी के आत्मनिर्भर भारत का रोडमैप है। इस सर्वसमावेशी और दूरदर्शी बजट के लिए प्रधानमंत्री मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को को बधाई देता हूँ।”
मध्यम वर्ग के लिए बड़ी सौग़ात- सीएम पुष्कर सिंह धामी
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट किया- ”मध्यम वर्ग के लिए बड़ी सौग़ात..! प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी एवं सशक्त नेतृत्व में केंद्रीय बजट 2025-26 के तहत मध्यम वर्ग को बड़ी राहत देते हुए 12 लाख रुपए की आय को कर मुक्त करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। निश्चित तौर पर इस जनकल्याणकारी निर्णय से मध्यम वर्ग सहित देश का जन-जन लाभान्वित होगा। यह फ़ैसला न केवल आर्थिक विकास को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि लोगों की जीवनशैली में भी सकारात्मक बदलाव लाएगा।”
जयराम रमेश का निर्मला सीतारमण पर हमला
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, वित्त मंत्री ने बजट की शरुआत कृषि से की हैं, लेकिन किसानों की मांगों और कृषि पर संसदीय स्थायी समिति की सिफारिशों पर पूरी तरह से वो चुप हैं- एमएसपी को कानूनी गारंटी के रूप में लागू करना, कृषि ऋण माफी, पीएम किसान भुगतान का मुद्रास्फीति सूचकांकीकरण, पीएम फसल बीमा योजना में सुधार। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा, मेक इन इंडिया जो फेक इन इंडिया बन गया था, अब उसका नया नाम है: राष्ट्रीय विनिर्माण मिशन। उन्होंने आगे कहा कि वित्त मंत्री ने चार इंजनों की बात की: कृषि, एमएसएमई, निवेश और निर्यात। इतने सारे इंजन कि बजट पूरी तरह से पटरी से उतर गया है।



