छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं को हर क्षेत्र में समान अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध : सीएम साय

छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं को हर क्षेत्र में समान अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध : सीएम साय
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ की सभी नारीशक्ति को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने के लिए महिलाओं की सहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने महतारी वंदन योजना जैसी ऐतिहासिक पहल की है। महिला दिवस के अवसर पर आज महतारी वंदन योजना की 13वीं किश्त जारी की जाएगी। इस अवसर पर आज महतारी वंदन योजना की 13वीं किश्त जारी की जाएगी।
सीएम साय के साथ दिखीं महिला विधायक
बता दें, सीएम साय आज महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होने जशपुर के कुनकुरी रवाना हुए। रवाना होने से पहले उन्होंने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान जशपुर की विधायक रायमुनी भगत और पत्थलगांव की विधायक गोमती साय भी नारीशक्ति के रूप में उनके साथ मौजूद रहीं। मीडिया से बातचीत के दौरान सीएम साय ने कहा कि बीजेपी में हमेशा महिलाओं का सम्मान हुआ है। राष्ट्रपति पद पर महिला है, देश भर में महिला सांसद और विधायक हैं।
सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं को हर क्षेत्र में समान अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर राज्य और देश की प्रगति में भागीदार बन सकें। मुख्यमंत्री साय ने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से अपील की कि महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए समानता, सम्मान और सुरक्षा का वातावरण बनाया जाए।
सीएम साय ने कहा कि एक सशक्त महिला ही सशक्त परिवार, समाज और राष्ट्र का निर्माण कर सकती है। उन्होंने प्रदेश की उन्नति के लिए और सशक्त नारी, सशक्त समाज के लक्ष्य को साकार करने के लिए सभी को मिलकर अपने हिस्से का बहुमूल्य योगदान देने की अपील की। वहीं उन्होंने अपने जशपुर दौरे को लेकर कहा कि वे कुनकुरी में स्व. दिलीप सिंह जूदेव की स्मृति में आयोजित मेगा हेल्थ कैम्प की शुरुआत करेंगे। साथ ही वे आज सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 350 से अधिक जोडिय़ों के बंधन के भी साक्षी बनेंगे।
उन्होंने कहा कि यह दिन महिलाओं के अधिकारों, उनके सशक्तिकरण और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मान देने का अवसर है। महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक स्वावलंबन और नेतृत्व में आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने बताया कि राज्य की लगभग 70 लाख माताओं और बहनों को प्रतिवर्ष 12,000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। जिससे वे अपने परिवार, स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वरोजग़ार को आगे बढ़ा सकें। यह योजना महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है। सीएम साय ने कहा कि आज 70 लाख महिलाओं के खाते में महतारी वंदन की राशि आएगी।