पाकिस्तान और बांग्लादेश के संदेहास्पद तरीके रहने वालों की पहचान की जा रही, करेंगे डिपोर्ट : विजय शर्मा

पाकिस्तान और बांग्लादेश के संदेहास्पद तरीके रहने वालों की पहचान की जा रही, करेंगे डिपोर्ट : विजय शर्मा
रायपुर( प्रखर)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मंत्रालय स्थित महानदी भवन में गृह विभाग की बैठक ली। इसके बाद मुख्यमंत्री ने नगरीय प्रशासन और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में विभागीय मंत्री उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव भी मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत गृह विभाग से शुरू हुई। इसमें वर्तमान में पहलगाम आतंकी हमले के बाद देश में निवासरत पाकिस्तानी वीजा धारकों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इसके अलावा जो पाकिस्तानी अवैध रूप से पहचान छिपाकर छत्तीसगढ़ में बसे है, उन्हें खदेडऩे के लिए भी फोकस करने कहा गया। अन्य विषयों में नक्सल मामले से लेकर राज्य में कानून व्यवस्था और सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। वर्तमान में बीजापुर के करेगुट्टा पहाड़ी में चल रहे सबसे बड़े ऑपरेशन की जानकारी गृह मंत्री विजय शर्मा ने दी।
गृह मंत्री विजय शर्मा ने मीडिया से चर्चा में कहा कि पाकिस्तान और बांग्लादेश के बहुत से लोग संदेहास्पद तरीके से रह रहे हैं. उनकी पहचान कर उन्हें डिपोर्ट किया जाएगा। कुछ संदेही पकड़े भी गए हैं। वहीं विजिटर वीजा, लांग टर्म और मेडिकल वीजा पर पाकिस्तान से आए लोगों के संबंध में चर्चा करने के साथ. केंद्र सरकार के मार्गदर्शन से आगे क्या करना है, तय किया जाएगा।
गौरतलब है बीते 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ बड़ा कूटनीतिक एक्शन लेते हुए भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द कर दिए गए हैं। इसके साथ ही उन्हें जल्द से जल्द देश छोडऩे का आदेश दिया गया है। भारत सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि पाकिस्तानी नागरिकों का वीजा अब केवल 27 अप्रैल तक ही वैध रहेगा, जबकि मेडिकल वीजा धारकों को 29 अप्रैल तक की मोहलत दी गई है।
भारत सरकार के आदेश के पर अब छत्तीसगढ़ में भी पाकिस्तानी नागरिकों की जांच शुरू हो गई है। सूत्रों के अनुसार, छत्तीसगढ़ में करीब 2000 पाकिस्तानी नागरिक मौजूद हैं, जिनमें से लगभग 1800 अकेले रायपुर में रहते हैं। इनमें अधिकांश सिंधी समुदाय से हैं। पुलिस द्वारा वीजा और अन्य दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है।
केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि हिंदू पाकिस्तानी नागरिकों को जारी दीर्घकालिक वीजा रद्द नहीं किए जाएंगे और उन्हें देश छोडऩे की आवश्यकता नहीं होगी। हालांकि, बिजनेस, मेडिकल या धार्मिक वीजा पर आए लोगों को निर्धारित समयसीमा में भारत छोडऩा अनिवार्य होगा। सार्क वीजा धारकों को फिलहाल तत्काल निकासी की जरूरत नहीं है, लेकिन उनकी भी जांच जारी है।