मानसून सत्र : लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर हंगामा, राज्यसभा में उठा अहमदाबाद विमान हादसे का मुद्दा

मानसून सत्र : लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर हंगामा, राज्यसभा में उठा अहमदाबाद विमान हादसे का मुद्दा
नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र की शुरुआत आज से हो चुकी है। सत्र की शुरुआत हंगामेदार रही। विपक्ष पहलगाम हमले, ऑपरेशन सिंदूर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मध्यस्थता के दावों, बिहार में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण, मणिपुर, चीन जैसे विषयों पर नारेबाजी कर सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है। ऑपरेशन सिंदूर को लेकर लोकसभा में हंगामा हुआ जिसके बाद कार्यवाही को 2 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा। वहीँ राज्यसभा में एयर इंडिया विमान हादसे को लेकर हंगामा हुआ।
लोकसभा में विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। इस बीच संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है। सरकार विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है। विपक्षी नेता नारेबारी कर के सदन का वक्त बर्बाद न करें और चर्चा करें। पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की मांग को लेकर निचले सदन में विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी की। इससे पहले पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्षी सांसदों की नारेबाजी पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, चर्चा के एजेंडे पर फैसला करने के लिए 14.30 बजे बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक होगी। सरकार चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन वे (विपक्षी सांसद) यहां (सदन के वेल में) विरोध कर रहे हैं। मानसून सत्र के पहले दिन इस तरह विरोध करना सही नहीं है। लोकसभा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ‘सरकार किसी भी मुद्दे पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है।
राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ऑपरेशन सिंदूर, पहलगाम आतंकी हमले पर जवाब मांगा और साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा बार-बार भारत-पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता के दावे पर भी सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। विपक्ष के हंगामे के बाद राज्सभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।
हम सच्चाई उजागर करने के लिए प्रतिबद्ध : नागरिक उड्डयन मंत्री
नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने एअर इंडिया दुर्घटना पर राज्यसभा को संबोधित किया। नागरिक उड्डयन मंत्री ने कहा, ‘जांच अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल के अनुसार की जा रही है। अगर आप प्रारंभिक रिपोर्ट देखें, तो आप पाएंगे कि पहले जब भी ब्लैक बॉक्स में थोड़ी सी भी क्षति होती थी, तो हम उसे विदेश भेज देते थे। हालांकि, पहली बार भारत ने इसे स्वतंत्र रूप से परखने का फैसला लिया है। किसी निश्चित निष्कर्ष पर पहुंचने के लिए, हमें अंतिम रिपोर्ट का इंतजार करना होगा। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो एक विस्तृत, नियम-आधारित प्रक्रिया का पालन करता है और पूरी तरह से निष्पक्ष है। हालांकि, कई सवाल उठ सकते हैं और पश्चिमी मीडिया अपनी-अपनी बातें गढ़ सकता है, लेकिन हमारा दृष्टिकोण तथ्यों पर आधारित है। हम सच्चाई के साथ खड़े रहने और जो हुआ उसे उजागर करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
विपक्ष के सदस्यों को बोलने की अनुमति नहीं : राहुल गांधी
मानसून सत्र के पहले दिन लोकसभा दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित होने के बाद विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, ‘सवाल यह है कि रक्षा मंत्री को सदन में बोलने की अनुमति है, लेकिन विपक्ष के सदस्यों, जिनमें मैं भी शामिल हूं, जो विपक्ष का नेता हूं, को बोलने की अनुमति नहीं है। यह एक नया दृष्टिकोण है। परंपरा कहती है कि अगर सरकार की ओर से लोग बोल सकते हैं, तो हमें भी बोलने की जगह दी जानी चाहिए।’ वहीँ कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, अगर वे (सरकार) चर्चा के लिए तैयार हैं, तो उन्हें विपक्ष के नेता को बोलने देना चाहिए। वह बोलने के लिए खड़े हुए हैं, इसलिए उन्हें बोलने दिया जाना चाहिए।
21 जुलाई से 21 अगस्त तक चलेगा सत्र
संसद का मानसून सत्र आज से यानी 21 जुलाई से शुरू हो गया है यह 21 अगस्त तक चलेगा। हालांकि यह मानसून सत्र 12 अगस्त से 18 अगस्त तक स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के कारण स्थगित रहेगा। इस सत्र के लिए सरकार और विपक्ष, दोनों ही तैयार हैं। एक तरफ जहां इस मानसून सत्र में सरकार द्वारा कई अहम बिल पेश किए जा सकते हैं तो वहीं विपक्ष कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। विपक्ष की ओर से अहमदाबाद प्लेन हादसा, सीजफायर पर ट्रंप का दावा, पहलगाम आतंकी हमला, बिहार में एसआईआर पर चर्चा, ऑपरेशन सिंदूर और विदेश नीति जैसे मुद्दों पर सवाल किए जायेंगे।
संसद का यह मानसून सत्र एक विजय उत्सव की तरह : पीएम मोदी
सत्र की शुरुआत से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने संसद परिसर में मीडिया के माध्यम से देश को संबोधित किया है। आइए जानते हैं कि उन्होंने क्या कहा है। पीएम मोदी ने कहा संसद का यह मानसून सत्र एक विजय उत्सव की तरह है। अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर भारत का झंडा फहराया जाना प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का क्षण है। सभी सांसद और देशवासी एक स्वर में इस उपलब्धि का गुणगान करेंगे। यह हमारे भावी अभियानों के लिए प्रेरणादायी होगा। यह मानसून सत्र जीत का जश्न है। पूरी दुनिया ने भारत की सैन्य शक्ति का लोहा माना है। ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना द्वारा निर्धारित लक्ष्य को 100 प्रतिशत हासिल किया गया। ऑपरेशन सिंदूर के तहत, आतंकवादियों के आकाओं के घरों को 22 मिनट के भीतर जमींदोज कर दिया गया। मेड इन इंडिया सैन्य शक्ति के इस नए स्वरूप की ओर दुनिया बहुत आकर्षित हुई है। इन दिनों, जब भी मैं दुनिया के लोगों से मिलता हूँ, तो भारत द्वारा बनाए जा रहे मेड इन इंडिया हथियारों के प्रति दुनिया का आकर्षण बढ़ता ही जा रहा है।
पीएम मोदी ने कहा आर्थिक क्षेत्र में, जब 2014 में आप सभी ने हमें जि़म्मेदारी दी थी। 2014 से पहले, हम वैश्विक अर्थव्यवस्था में दसवें नंबर पर थे। आज भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेज़ गति से आगे बढ़ रहा है। आज हमारे सुरक्षा बल एक नए आत्मविश्वास और नक्सलवाद को समाप्त करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। आज कई जिले नक्सलवाद से मुक्त हैं। हमें गर्व है कि भारतीय संविधान नक्सलवाद के विरुद्ध विजयी हो रहा है। ‘लाल गलियारे’ ‘हरित विकास क्षेत्रों’ में बदल रहे हैं।
उन्होंने कहा 2014 से पहले देश में एक समय ऐसा था जब मुद्रास्फीति की दर दोहरे अंकों में थी। आज, यह दर घटकर लगभग दो प्रतिशत रह जाने से, देश के आम लोगों के जीवन में राहत और सुविधा आई है। 25 करोड़ गरीब लोग गरीबी से बाहर आ गए हैं, जिसकी सराहना दुनिया की कई संस्थाएं कर रही हैं। पहलगाम में हुए क्रूर अत्याचार और नरसंहार ने पूरे विश्व को हिलाकर रख दिया है। दलगत स्वार्थ को परे रखकर, देशहित में, हमारे अधिकांश दलों के प्रतिनिधियों ने, दुनिया के अनेक देशों में जाकर, एक स्वर में, पाकिस्तान को दुनिया के सामने बेनकाब करने का एक बहुत ही सफल अभियान चलाया। मैं उन सभी सांसदों की, सभी दलों की, राष्ट्रहित में किए गए इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए सराहना करना चाहता हूं और इससे देश में एक सकारात्मक माहौल बना है।