पीएम ने कहा कांग्रेस और राजद के लिए छठी मैय्या की पूजा नौटंकी और ड्रामा, इस अपमान को भूलेंगे नहीं

राहुल गाँधी ने पीएम मोदी की छठ पूजा को बताया था ड्रामा
मुजफ्फरपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के मुजफ्फरपुर में चुनावी सभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि आपकी इतनी भीड़ बता रही है कि इस बार फिर से एनडीए सरकार आने वाली है। बिहार में फिर से सुशासन सरकार आएगी। छठ महापर्व के बाद यह मेरी पहली जनसभा है। छठ महापर्व बिहार और देश का गौरव है। देश और दुनिया में छठ महापर्व मनाया जाता है। हमलोग छठ की गीत सुनकर भावविभोर हो जाते हैं। छठी मैय्या में मां की भक्ति, समता, ममता और सामाजिक समरसता है। छठ महापर्व को मानवता के महापर्व के रूप में मनाते हैं। हमलोग कोशिश कर रहे हैं कि यूनेस्को की विश्व विरासत की सूची में छठ महापर्व शामिल हो। यह सूची बड़ी जांच पड़ताल और लंबी प्रकिया के बाद यह सूची बनती है। हमारी सरकार कोशिश कर रही है कि यूनेस्को की इस सूची में छठ महापर्व का नाम शामिल हो। अगर ऐसा होता तो हर बिहारियों को गर्व होगा।
पीएम ने कहा कांग्रेस और राजद कर रहे छठी मैय्या का अपमान
पीएम मोदी ने कहा कि आपने देखा है कि आपका बेटा तो छठी मैय्या का जय जयकार पूरी दुनिया में कराने में लगा है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस और राजद के लोग छठी मैय्या का अपमान कर रहे हैं। आप मुझे बताइए क्या कोई कभी चुनाव में वोट के लिए छठी मैय्या का अपमान कर सकता है? क्या बिहार यह अपमान सहन करेगा? राजद और कांग्रेस वाले कैसी बेशर्मी से बोल रहे हैं? उनके लिए छठी मैय्या की पूजा नौटंकी और ड्रामा है। वह छठी मैय्या का अपमान कर रहे हैं। जो भगवान सूर्य को अर्घ्य देती हैं? जो 36 घंटे का निर्जला व्रत रखती हैं, उन्हें कांग्रेस और राजद वाले ड्रामा कहते हैं। यह हर उस व्यक्ति का अपमान है, जो छठी मैय्या में आस्था रखता है। छठ मैय्या के इस अपमान को बिहार सैकड़ों वर्षों तक भूलने वाला नहीं है। सैकड़ों वर्षों तक इस अपमान को छठी मैय्या का पूजा करने वाला नहीं भूलेगा।
पीएम मोदी ने जंगलराज की पहचान बताई, पूछे सवाल
पीएम मोदी ने कहा कि हमारा बिहार स्वाभिमान की धरती है। जिन लोगों ने छठ पूजा को गाली देने का काम किया है। बिहार ऐसे लोगों को कभी माफ नहीं करेगा। एनडीए और भाजपा की पहली प्राथमिकता ही बिहार का विकास है। पीएम मोदी ने कहा कि कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन ही जंगलराज वालों की पहचान है। यह उनके साथियों की पहचान बन गई है। राजद और कांग्रेस वाले केवल अपने परिवार का भला करते हैं। ऐसे लोग बिहार का भला नहीं कर सकते हैं। बिहार का भला करने के लिए उद्यम, उद्योग चाहिए। उद्योग के लिए जमीन, बिजली और कानून का राज चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जिनका इतिहास जमीन कब्जाने का रहा है, वो किसी उद्योग को जमीन देंगे क्या? जिन्होंने बिहार को लालटेन युग में रखा, वो बिजली दे पाएंगे क्या? जिन्होंने रेल को लूटा, वो कनेक्टिविटी बढ़ाएंगे क्या? और जिन्होंने भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड तोड़े, वो कानून का राज ला सकते हैं क्या? प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार ने भाजपा और एनडीए का सुशासन देखा है। आज बिहार में रेल के इंजन बन रहे हैं, डेयरी के बड़े-बड़े प्लांट लग रहे हैं और मखाना अब पूरी दुनिया में अपनी पहचान बना रहा है। बिहार ने भाजपा-एनडीए का सुशासन देखा है। उन्होंने एनडीए सरकार की उपब्लधियों को गिनाया।
‘राजद के नेता अपने साथियों के साथ मिलकर शोरूम ही लूट लेते थे’
पीएम मोदी ने कहा कि आजकल पूरा बिहार जीएसटी बचत उत्सव मना रहा है। पूरे देश भर लोग खुश हैं। लेकिन, जंगलराज में यह संभव नहीं था। जंगलराज में गाडिय़ों की दुकानें बंद हो गई थीं। यह इसलिए बंद हो गए थे क्योंकि राजद के नेता अपने साथियों के साथ मिलकर शोरूम ही लूट लेते थे। अगर किसी ने नई गाड़ी खरीदी हो तो उसके पीछे राजद के गुंडे लग जाते थे। ऐसे जंगलराज में कोई अपनी पूंजी नहीं लगाता। राजद और कांग्रेस के ऐसे ही कुकर्मों ने लाखों नौजवानों को बेरोजगार कर दिया। पलायन करने पर मजबूर कर दिया। मुजफ्फरपुर के लोग राजद सरकार में हुए गोलू अपहरण कांड को कभी नहीं भूल सकते हैं। इसी शहर में साल 2001 में स्कूल जाते एक बच्चे का अपराधियों ने दिनदहाड़े अपहरण कर लिया। बदले में लाखों रुपये मांगे। जब उन्हें रुपये नहीं मिले तो गोलू के टूकड़े कर दिए। बेरहमी से उन्हें मार दिया गया। पूरे बिहार में जंगल राज में आए दिन ऐसी घटनाएं होती थी।



