नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री के रूप में 10वीं बार ली शपथ

नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री के रूप में 10वीं बार ली शपथ
पटना। नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री के रूप में 10वीं बार शपथ ग्रहण कर लिया है। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित इस समारोह को एनडीए के शक्ति प्रदर्शन की तरह भी देखा जा रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा भाजपा-एनडीए शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहे। समारोह के अंत में पीएम मोदी का खास अंदाज भी दिखा। उनके बाद सम्राट चौधरी ने मंत्री पद की शपथ ली। वह दूसरी बार बिहार के डिप्टी सीएम बने हैं। नीतीश सरकार के लिए 27 मंत्रियों ने भी शपथ ली है।
27 मंत्रियों ने ली शपथ
राज्यपाल के आदेश पर सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, विजय चौधरी, विजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, मंगल पांडेय, डॉ दिलीप जायसवाल, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, मदन सहनी, नितिन नवीन, रामकृपाल यादव, संतोष सुमन, सुनील कुमार, जमा खान, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद, रमा निषाद, लखेंद्र कुमार रोशन, श्रेयसी सिंह, प्रमोद कुमार, संजय कुमार सिंह, दीपक प्रकाश को मंत्री बनाया गया।
पीएम मोदी ने लहराया गमछा, 5 बार झुककर अभिवादन
शपथ ग्रहण समारोह समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अनोखा अंदाज देखने को मिला। सबसे पहले वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का हाथ थामकर मंच के आगे की ओर बढ़े। इसके बाद पीएम मोदी ने पांच बार झुककर जनता का अभिवादन किया। मंच पर मौजूद शपथ लेने वाले सभी मंत्रियों के पास जाकर उन्होंने उनका उत्साहवर्धन किया और फिर जनता की ओर मुडक़र अपना गमछा लहराया। बदले में गांधी मैदान में मौजूद लोगों ने भी अपना अपना गमछा लहराकर उनका अभिवादन स्वीकार किया।
शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए दिग्गज
शपथ ग्रहण समारोह में कई राज्यों के बड़े नेताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, हरियाणा के मुख्यमंत्री नैयाब सिंह सैनी, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा, नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो, सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग और मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा शामिल हुए। इसके अलावा ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी पहुंचे। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की मौजूदगी भी रही। केंद्रीय नेताओं में गिरिराज सिंह, शिवराज सिंह चौहान, चिराग पासवान, जेपी नड्डा, अर्जुन राम मेघवाल, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हुए। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, आईटी मंत्री नारा लोकेश और चिराग की मां रीना पासवान ने भी समारोह में भाग लेकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।



