छत्तीसगढ़

रायपुर में जुटेंगे दुनिया भर के प्रवासी छत्तीसगढ़ी, 27-28 मार्च को होगा प्रवासी छत्तीसगढ़ कॉन्क्लेव


रायपुर(प्रखर) प्रदेश के विकास में प्रवासी छत्तीसगढ़ियों की भागीदारी को सशक्त बनाने के उद्देश्य से 27 और 28 मार्च को राजधानी रायपुर में “प्रवासी छत्तीसगढ़ कॉन्क्लेव” का आयोजन किया जाएगा। इस दो दिवसीय कॉन्क्लेव का आयोजन नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (NACHA) एवं छत्तीसगढ़ एनआरआई एसोसिएशन के सहयोग से किया जा रहा है।
कॉन्क्लेव में भारत के बाहर विभिन्न देशों में निवासरत छत्तीसगढ़ी समाज के लोग शामिल होंगे। आयोजन के लिए पंजीयन प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी। इस मंच के माध्यम से प्रवासी छत्तीसगढ़ियों को प्रदेश के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं, रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, उद्योग एवं स्टार्टअप विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श होगा। साथ ही प्रवासी छत्तीसगढ़ियों के अनुभव, ज्ञान और संसाधनों के माध्यम से राज्य के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा की जाएगी।
इस कॉन्क्लेव का उद्देश्य प्रदेश और प्रवासी छत्तीसगढ़ी समाज के बीच संवाद को और मजबूत करना तथा सहयोग की नई संभावनाओं को तलाशना है। आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशेषज्ञ, उद्यमी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रवासी छत्तीसगढ़ी प्रदेश की अमूल्य पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि विदेशों में कार्यरत छत्तीसगढ़ी नागरिक अपने ज्ञान, अनुभव और निवेश के माध्यम से राज्य के विकास को नई दिशा दे सकते हैं। सरकार चाहती है कि प्रवासी छत्तीसगढ़ी प्रदेश के औद्योगिक, शैक्षणिक और सामाजिक विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button