मनरेगा और धान खरीदी को लेकर कांग्रेस का कलेक्टोरेट घेराव आज

मनरेगा कानून में बदलाव का विरोध, किसानों की शत-प्रतिशत धान खरीदी की मांग
धमतरी (प्रखर) मनरेगा कानून में किए गए बदलाव के विरोध एवं किसानों से शत-प्रतिशत धान खरीदी की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आज कलेक्टोरेट घेराव किया जाएगा। यह कार्यक्रम दोपहर 12 बजे आयोजित किया जाएगा। उक्त प्रदर्शन “मनरेगा बचाओ संघर्ष” के तहत किया जा रहा है।
जिला कांग्रेस कमेटी के नेताओं ने बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा मनरेगा व्यवस्था को कमजोर करने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मनरेगा के तहत मजदूरों को समय पर काम नहीं मिल पा रहा है, वहीं मजदूरी भुगतान में भी भारी देरी हो रही है। इससे ग्रामीण मजदूरों की आजीविका पर सीधा असर पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि दूसरी ओर किसानों को भी धान खरीदी में गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। शत-प्रतिशत धान खरीदी नहीं होने से किसान आर्थिक संकट में फंसते जा रहे हैं। सरकार की नीतियों के कारण किसान एवं मजदूर दोनों ही वर्ग प्रभावित हो रहे हैं।
इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस द्वारा कलेक्टोरेट घेराव कर प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने पार्टी कार्यकर्ताओं, किसानों और मजदूरों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसानों और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए किया जा रहा है और जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, संघर्ष जारी रहेगा।
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि इस आंदोलन में जिलेभर से कांग्रेस कार्यकर्ता, किसान संगठनों के प्रतिनिधि एवं मनरेगा मजदूर बड़ी संख्या में शामिल होंगे। कार्यक्रम को शांतिपूर्ण लेकिन प्रभावी तरीके से आयोजित किया जाएगा



