राष्ट्रपति मुर्मू और केंद्रीय गृहमंत्री शाह होंगे बस्तर पंडुम में शामिल, अमित शाह का 3 दिवसीय दौरे पर रहेंगे

राष्ट्रपति मुर्मू और केंद्रीय गृहमंत्री शाह होंगे बस्तर पंडुम में शामिल, अमित शाह का 3 दिवसीय दौरे पर रहेंगे
रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 7 फरवरी से तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। सीएम विष्णुदेव साय ने अमित शाह के दौरे पर कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री शाह का दौरा बहुत महत्वपूर्ण होता है। दूसरी बार बस्तर पंडुम का आयोजन हो रहा, जिसके समापन में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शामिल होंगे। क्षेत्र के लोगों में भारी उत्साह दिख रहा है। सीएम साय ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कल शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आएंगी। महामहिम राष्ट्रपति बस्तर पंडुम के शुभारंभ में कार्यक्रम में मुख्य अथिति के तौर पर शामिल होंगी।
बता दें कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 7 फरवरी को शाम 4.40 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और निजी होटल जाएंगे। 8 फरवरी को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक नक्सलवाद पर हाई लेवल बैठक लेंगे, इसके बाद ‘शिफ्टिंग द लेंस’ थीम पर आयोजित राष्ट्रीय कॉनक्लेव में शामिल होंगे। 9 फरवरी को बस्तर पंडूम के समापन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सुबह 11 बजे विशेष विमान से दंतेश्वरी एयरपोर्ट पहुंचेंगे और दोपहर 12.05 से शाम 4 बजे तक कार्यक्रम में रहेंगे। शाम 4.20 बजे जगदलपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
दुर्ग और जगदलपुर दौरे पर सीएम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शुक्रवार को दुर्ग और जगदलपुर जिले के प्रवास पर हैं। सीएम साय ने दुर्ग दौरे को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि वह आज दुर्ग में अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण की बैठक में शामिल होंगे। बैठक में विकास प्राधिकरण के संबंधित जनप्रतिनिधि, मंत्री और अधिकारी मौजूद रहेंगे। इस दौरान क्षेत्र के विकास पर चर्चा की जाएगी। दुर्ग में महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के बाद वह जगदलपुर जिले के कुम्हडाकोट में शाम 5.25 बजे जनजातीय गौरव वाटिका के लोकार्पण कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। साथ ही वह सर्किट हाउस, जगदलपुर में शासन की विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद करेंगे। सीएम साय ने अपने आज के दौरे को लेकर जानकारी दी. साथ ही शनिवार को बस्तर पंडुम के शुभारंभ कार्यक्रम की मुख्य अथिति राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय गृहमंत्री शाह के दौरे को लेकर उत्साह जताया।



