छत्तीसगढ़

हर घर स्वच्छ जल मुहिम: ग्रीष्मकाल से पहले जल स्रोतों की सफाई और मेंटेनेंस तेज


धमतरी। “हर घर स्वच्छ जल – लोगों को स्वच्छ जल उपलब्ध कराना हमारा कर्तव्य है।” इस संकल्प के साथ नगर पालिका निगम धमतरी में महापौर रामु रोहरा के निर्देशानुसार जल विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। आगामी ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए शहर में जल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
जल विभाग सभापति अखिलेश सोनकर के मार्गदर्शन में शहर के सभी मोटर पंपों और पानी की टंकियों की साफ-सफाई एवं नियमित मेंटेनेंस का कार्य तेज गति से जारी है। निगम प्रशासन का कहना है कि गर्मी के मौसम में किसी भी प्रकार की जल समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए पहले से ही तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।
इसी क्रम में आज रामसागरपारा वार्ड में मोटर पंप का क्लोरीनेशन कार्य संपन्न किया गया। मौके पर जल विभाग सभापति अखिलेश सोनकर, पार्षद राकेश चंदवानी, कुलेश सोनी एवं कोमल सर्वा उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्वच्छ एवं नियमित जल आपूर्ति बनाए रखने पर जोर दिया।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नगरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और नियमित पेयजल उपलब्ध कराना ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Author Desk

Related Articles

Back to top button