छत्तीसगढ़

महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और कौशल विकास को नई दिशा देगा उद्यमिता विकास कार्यक्रम : रामू रोहरा

महापौर रामू रोहरा ने ‘स्त्री-धमतरी’ कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का किया शुभारंभ

महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और कौशल विकास को नई दिशा देगा उद्यमिता विकास कार्यक्रम : रामू रोहरा

 

महापौर रामू रोहरा ने ‘स्त्री-धमतरी’ कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का किया शुभारंभ

 

धमतरी। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, उनके कौशल विकास एवं उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भोपाल राव पवार शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, रुद्री में ‘स्त्री-धमतरी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार के वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान विभाग (DSIR) के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के अंतर्गत उद्घाटन समारोह एवं एक दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम (EDP) कार्यशाला का शुभारंभ महापौर रामू रोहरा ने किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कौशल, प्रौद्योगिकी, नवाचार एवं उद्यमिता के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ना है। कार्यशाला में महिलाओं को उद्यमिता की बुनियादी जानकारी, स्वरोजगार की संभावनाओं, आधुनिक तकनीकी संसाधनों के उपयोग तथा छोटे एवं लघु उद्योगों की स्थापना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देने पर जोर दिया गया।

इस पहल के माध्यम से महिलाओं की उद्यमशीलता क्षमताओं का विकास, उनके हुनर को निखारने, आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने तथा आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही आधुनिक तकनीक और नवाचार से जोड़कर महिलाओं की प्रतिभा एवं कार्यक्षमता को नए आयाम देने का प्रयास किया जा रहा है।

इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। आवश्यकता है कि उन्हें उचित प्रशिक्षण, तकनीकी ज्ञान और संसाधनों के साथ आगे बढ़ने के अवसर मिलें। कौशल विकास और उद्यमिता महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के सशक्त माध्यम हैं। जब महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होंगी, तो परिवार, समाज और देश के विकास में उनकी भागीदारी और अधिक प्रभावशाली होगी।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं उद्यमिता विकास कार्यक्रम महिलाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने, स्वरोजगार अपनाने और स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने के लिए प्रेरित करते हैं। धमतरी की महिलाओं को ऐसे अवसरों का लाभ उठाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

 

‘स्त्री-धमतरी’ कार्यक्रम महिलाओं को कौशल, तकनीक और नवाचार से जोड़कर उनके आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Author Desk

Related Articles

Back to top button