छत्तीसगढ़

महाशिवरात्रि पर त्रयंबकेश्वर धाम ओना-कोना में पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव एवं रुद्र महायज्ञ संपन्न, संस्थापक ने महापौर से की मुलाकात


धमतरी। जिला बालोद के ओना-कोना स्थित त्रयंबकेश्वर धाम ओना-कोना में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भव्य पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव एवं रुद्र महायज्ञ श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। आयोजन के दौरान क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रुद्र महायज्ञ में आहुति देकर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
महोत्सव के दौरान प्रतिदिन वेद मंत्रोच्चार, अभिषेक, हवन-पूजन, भजन-कीर्तन तथा धार्मिक प्रवचनों का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंजता रहा और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण एवं अन्य व्यवस्थाएं भी सुव्यवस्थित रूप से की गईं।
महोत्सव की सफल पूर्णाहुति के उपरांत धाम के संस्थापक तीरथ राज फूटान (गड्डी) ने धमतरी पहुंचकर महापौर रामू रोहरा से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने स्मृति चिन्ह भेंट कर सहयोग और आशीर्वाद के लिए आभार व्यक्त किया।
महापौर रामू रोहरा ने भी संस्थापक का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया और कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करते हैं।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं ने त्रयंबकेश्वर धाम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए धर्म और संस्कृति के संरक्षण तथा सामाजिक एकता के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

Author Desk

Related Articles

Back to top button