अंजुमन इस्लामिया कमेटी द्वारा सलीम रोकड़िया का भव्य अभिनंदन, समाज के विकास को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

धमतरी(प्रखर) जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त उपाध्यक्ष हाजी मोहम्मद सलीम रोकड़िया के सम्मान में मुस्लिम समाज एवं अंजुमन इस्लामिया कमेटी द्वारा एक गरिमामयी स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शुक्रवार को डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम कांफ्रेंस हॉल, जैनब पैलेस में संपन्न हुआ, जिसमें समाज के गणमान्य नागरिकों, पदाधिकारियों एवं युवाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई, जहां हाजी मोहम्मद सलीम रोकड़िया का शॉल एवं पुष्पहार से आत्मीय अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
अपने उद्बोधन में हाजी सलीम रोकड़िया ने मुस्लिम समाज एवं अंजुमन इस्लामिया कमेटी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, वह केवल एक पद नहीं बल्कि समाज की सेवा का अवसर है। उन्होंने कहा कि धमतरी जिले का समग्र विकास, समाज के सभी वर्गों की उन्नति तथा विशेष रूप से आर्थिक और शैक्षिक क्षेत्र में मजबूती लाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि जहां भी समाज को उनकी आवश्यकता होगी, वे सदैव तत्पर रहेंगे।
वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल रज्जाक रिजवी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में मुस्लिम समाज को एक ऊर्जावान, अनुभवी और दूरदर्शी नेतृत्व की आवश्यकता है, जिसे सलीम रोकड़िया पूर्ण करने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि रोकड़िया के 25 वर्षों से अधिक के राजनीतिक अनुभव का लाभ समाज को निश्चित रूप से मिलेगा और उनके नेतृत्व में समाज नई दिशा में आगे बढ़ेगा।
कार्यक्रम में अंजुमन इस्लामिया कमेटी के अध्यक्ष शेख मोबिन, मदीना मस्जिद कमेटी के अध्यक्ष सैय्यद आसिफ अली, गरीब नवाज कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद इरशाद (राजू) कुरैशी सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए सलीम रोकड़िया के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर हाजी सैय्यद नवाब अली, मोहम्मद निसार अहमद, हाजी अब्दुल सलाम खत्री, हाजी बशीर अहमद, मोहम्मद मुस्लिम, मोहम्मद नौशाद अहमद, मोहम्मद आबिद, हाजी मोहम्मद युसुफ गोड़, मो. हनीफ कुरैशी, मोहम्मद सलाम अहमद, अब्दुल हसीब खान, रमीज रजा, शादाब अहमद, जमीर खान सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सचिव अफजल अली रिजवी द्वारा किया गया। अंत में आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
यह आयोजन न केवल एक सम्मान समारोह रहा, बल्कि समाज की एकजुटता, नेतृत्व के प्रति विश्वास और विकास के संकल्प का भी प्रतीक बनकर उभरा।



