पश्चिम एशिया में युद्ध से कई देशों में संकट, भारत स्थिति का पूरी शक्ति से कर रहा मुकाबला : पीएम मोदी

पीएम मोदी ने किया नोएडा एयरपोर्ट का उद्घाटन
एयरपोर्ट को 11,200 करोड़ रुपये के निवेश से बनाया गया
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के फेज-1 का उद्घाटन किया। एयरपोर्ट को लगभग 11,200 करोड़ रुपये के कुल निवेश से बनाया गया है। पीएम मोदी ने कहा पश्चिम एशिया में एक महीने से युद्ध चल रहा है। युद्ध की वजह से कई सारे देशों में खाने-पीने के सामान पेट्रोल-डीजल, गैस आदि ऐसे कई चीजों का चारों तरफ संकट पैदा हो गया है। कई देशों में खाने पीने की चीजों का संकट पैदा हो गया है। भारत देश वासियो की ताकत के सहारे सामना कर रहा है। सामान्य परिवारों और किसानो पर बोझ नहीं पड़े, सरकार वो काम कर रही है। संकट में विकास नहीं रुका है, यूपी में ही पिछले कुछ सप्ताह में बड़े बड़े प्रोजेक्ट मिले।
भारत इस संकट का पूरी शक्ति से मुकाबला कर रहा: पीएम मोदी
समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, हर देश इस संकट का सामना करने के लिए कुछ न कुछ कोशिश कर रहा है। हमारा भारत भी इस संकट का पूरी शक्ति से मुकाबला कर रहा है। देश वासियों की ताकत के भरोसे कर रहा है। भारत तो बहुत बड़ी मात्रा कच्चा तेल और गैस, युद्ध के प्रभावित इलाके से मंगाता है। इसलिए हर वो कदम उठा रही है, जिससे सामान्य परिवारों पर, किसानों पर इस संकट का बोझ न पड़े। संकट के इस समय पर भी भारत ने अपने तेज विकास को निरंतर जारी रखा है। मैं सिर्फ पश्चिमी यूपी की बात करूं तो पिछले कुछ सप्ताह में ही यह चौथा बड़ा प्रोजेक्ट है, जिसका शिलान्यास या लोकार्पण हुआ है। इन कुछ ही सप्ताह में इस दौरान नोएडा में बहुत बड़ी सेमीकंक्टर फैक्टरी का शिलान्यास हुआ। इसी काल खंड में देश की पहली दिल्ली-मेरठ नमो भारत ट्रेन ने गति पकड़ी। इसकी काल खंड में मेरठ मेट्रो का विस्तार किया गया। इतने कम समय में आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का आप सबके हाथों से उद्घाटन हो गया।’
पहले सपाई सीएम नोएडा आने से डरते थे
समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘पहले सीएम नोएडा आने से डरते थे। कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे। नोएडा को अपने हाल पर छोड़ दिया था। मुझे भी नोएडा के लिए डराया गया था। सपा वालों ने पहले नोएडा को अपनी लूट का एटीएम बना लिया था। लेकिन आज भाजपा सरकार में वही नोएडा यूपी के विकास का सशक्त इंजन बन रहा है। जेवर का यह एयरपोर्ट डबल इंजन की कार्य संस्कृति का बहुत अच्छा उदाहरण है।
सामान्य भारतीयों के लिए भी हवाई यात्रा आसान
पीएम मोदी ने कहा, ‘किसी भी देश में एयरपोर्ट सिर्फ एक सामान्य सुविधा नहीं होती। ये एयरपोर्ट प्रगति को भी उड़ान देते हैं। साल 2014 से पहले देश में सिर्फ 74 एयरपोर्ट थे, आज 160 से अधिक एयरपोर्ट हो चुके हैं। अब महानगरों के अलावा, देश के छोटे-छोटे शहरों तक भी हवाई कनेक्टिविटी पहुंच रही है। पहले की सरकारें मानती थीं कि हवाई यात्रा सिर्फ अमीरों के लिए होनी चाहिए, लेकिन भाजपा सरकार ने सामान्य भारतीयों के लिए भी हवाई यात्रा को आसान बना दिया है।’
जनता से फ्लैश लाइट ऑन करवाकर पीएम ने कराया उद्घाटन
नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह में पीएम मोदी ने कहा, अभी आधा काम हुआ है। मैंने सिर्फ पर्दा हटाया है, मैं चाहता हूं कि जो भी उपस्थित है, आप सब करें। इसलिए आप अपना मोबाइल फोन निकालिए। अपने मोबाइल फोन का फ्लैश लाइट ऑन करिए। पीएम मोदी की अपील के बाद लोगों ने भी हाथों में मोबाइल लेकर फ्लैश लाइट जलाई। इसके बाद पीएम मोदी ने कहा, अब यहां उपस्थित हर व्यक्ति इस एयरपोर्ट का उद्घाटन कर रहा है। यह आपकी अमानत है, यह आपका पुरुषार्थ है। इसलिए इसका उद्घाटन आपके हाथों से हो रहा है। पीएम मोदी ने कहा, ये एयरपोर्ट जनता की अमानत है। इसलिए एयरपोर्ट का उद्घाटन आप लोग करेंगे। मौजूद जनता एयरपोर्ट का उद्घाटन करे।
घने कोहरे और बारिश में होगी उड़ान और लैंडिंग
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट में घने कोहरे, बहुत कम विजिबिलिटी और बारिश के दौरान भी विमानों की उड़ान और लैंडिंग हो सकेगी। एयरपोर्ट में इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस) के सबसे हाई लेवल तकनीकि सिस्टम कैट थ्री का इस्तेमाल किया जाएगा। इस तकनीकि के जरिए कम दृश्यता में भी सुरक्षित लैंडिंग कराई जाती है। आमतौर पर पायलट इस तकनीकि का इस्तेमाल तब करते हैं, जब उन्हें बाहर कुछ भी दिखाई न दे रहा हो और लैंडिंग के लिए पूरी तरह से उन्हें तकनीकि पर निर्भर होना पड़ता है।



