यूपी पुलिस ने बच्ची की हत्यारे का किया एनकाउंटर, आटे के ड्रम में मिला था मासूम का शव

यूपी पुलिस ने बच्ची की हत्यारे का किया एनकाउंटर, आटे के ड्रम में मिला था मासूम का शव
आगरा। आठ साल की बच्ची की हत्या के एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी फिरोजाबाद भागने की फिराक में था। पुलिस ने पीछा किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में आरोपी को भी गोली लग गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी को अस्पताल लाया गया, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना में एक दारोगा को भी गोली लगी है। आरोपी ने थप्पड़ का बदला लेने के लिए बच्ची की हत्या कर दी थी और शव को आटे के ड्रम में छिपा दिया था।
दरअसल, आगरा में 8 साल की बच्ची की हत्या का आरोपी किरायेदार शनिवार तडक़े 3 बजे एनकाउंटर में ढेर हो गया। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि शुक्रवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या का आरोपी फिरोजाबाद भागने की फिराक में है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी फायरिंग करने लगा, इसमें एक दारोगा को गोली लग गई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी को भी गोली लग गई। उसे एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि यह मुठभेड़ बमरौली कटारा के पास हुई।
जानकारी के मुताबिक 29 साल के सुनील ने 24 मार्च को जूता कारोबारी की बच्ची का गला काटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को आटे के ड्रम में भर दिया था। करीब 30 घंटे बाद पुलिस ने शव बरामद किया था, तब से वह फरार था। पुलिस ने आरोपी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस जांच में सामने आया था कि 11 दिन पहले बकाया किराए को लेकर बच्ची के चाचा ने उसे थप्पड़ मार दिया था और कमरे पर ताला लगा दिया था। इसी का बदला लेने के लिये उसने हत्या को अंजाम दिया। सुनील आज तडक़े पुलिस की गोली से घायल हुआ था और उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।



