वैश्विक संकेतों में अस्थिरता से सोना चांदी और शेयर बाजार में गिरावट

सेंसेक्स 1400 अंक से अधिक गिरा, निफ्टी 22250 से नीचे
नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार के लिए 2 अप्रैल 2026 की सुबह किसी बुरे सपने से कम नहीं रही। वैश्विक संकेतों में अस्थिरता और अमेरिका से आए ट्रंप फैक्टर ने दलाल स्ट्रीट पर कोहराम मचा दिया है। बाजार खुलते ही बिकवाली का ऐसा दौर शुरू हुआ कि देखते ही देखते सेंसेक्स और निफ्टी ताश के पत्तों की तरह ढह गए। इस भारी गिरावट ने निवेशकों के करोड़ों रुपये स्वाहा कर दिए हैं और बाजार में डर का माहौल बना हुआ है। गुरुवार को बाजार खुलते ही सेंसेक्स करीब 1,414.02 अंक की भारी गिरावट के साथ 71,720.30 के स्तर पर आ गया। वहीं, निफ्टी में भी449.35 अंकों की बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जिससे यह 22,230.05 के स्तर पर फिसल गया। बाजार ब्रेड्थ बेहद खराब नजर आ रही है। जहां केवल 559 शेयरों में बढ़त देखी गई, वहीं 1,914 शेयर गिरावट के लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। इससे साफ पता चलता है कि बाजार के हर सेक्टर में गिरावट है।
सोना-चांदी भी धड़ाम
सोना-चांदी के बाजार में आज बड़ी गिरावट देखने को मिली है, जिससे निवेशकों और खरीदारों दोनों में हलचल मच गई है। जहां एक तरफ सोने की कीमतों में गिरावट आई है, वहीं चांदी के दाम में तो भारी टूट दर्ज की गई है। शादी के सीजन से पहले आई इस गिरावट को खरीदारी के मौके के रूप में भी देखा जा रहा है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर आज 24 कैरेट सोने की कीमत 3,333 रुपए की गिरावट के साथ 1,50,375 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गई है। वहीं चांदी की कीमत में 13,037 रुपए की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है, जिसके बाद इसका भाव 2,30,464 रुपए प्रति किलोग्राम रह गया है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो सोने का भाव करीब 4,695.72 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा है, जो बाजार में कमजोरी का संकेत दे रहा है।
रुपये में 151 पैसे की तेजी
भारतीय रुपये ने ऐतिहासिक निचले स्तर से शानदार वापसी करते हुए गुरुवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 151 पैसे की मजबूत रिकवरी दर्ज की है। यह उछाल मुख्य रूप से भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से ऑनशोर फॉरवर्ड डिलीवरी मार्केट में बैंकों की नेट ओपन पोजीशन को सीमित करने के त्वरित कदम का नतीजा है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में, रुपया 94.62 पर खुला और शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले तेजी से बढक़र 93.19 पर पहुंच गया। पिछले बंद भाव के मुकाबले रुपये में 151 पैसे या 1.6 प्रतिशत की मजबूती आई है।


