राष्ट्रीय

नालंदा के मघड़ा मंदिर में भगदड़, आठ की मौत, चीख-पुकार के बीच परिजनों को खोजते रहे लोग

नालंदा के मघड़ा मंदिर में भगदड़, आठ की मौत, चीख-पुकार के बीच परिजनों को खोजते रहे लोग

पटना। बिहार शरीफ स्थित मघड़ा में माता शीतला अष्टमी के दरबार में मंगलवार को भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई। अचानक मची इस भगदड़ में आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए मॉडल अस्पताल, बिहार शरीफ में भर्ती कराया गया है। कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि, चैत माह का अंतिम मंगलवार होने के कारण मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर अचानक अफवाह फैली और देखते ही देखते भगदड़ की स्थिति बन गई। भीड़ के दबाव में कई लोग गिर पड़े। भागदौड़ में लोग एक-दूसरे पर चढ़ते चले गए। कुछ देर बाद जब भीड़ नियंत्रित हुई तो कुचल कर मरने वालों के शव निकलने शुरू हुए। आठ शवों को घटनास्थल से पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। नालंदा पुलिस टीम की मामले की जांच में जुट गई है। मामले में आगे की कार्रवाई चल रही है। आज ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का नालंदा दौरा होने के कारण प्रशासनिक तंत्र वहां की व्यवस्था में था और इधर यह बड़ी घटना सामने आ गई। घटना के बाद एक घंटे तक लोग अपने परिजनों का पता करने में लगे रहे। ज्यादातर लोग परिवार के साथ आए थे, जिसके कारण बच्चों की संख्या भी ज्यादा थी।

Author Desk

Related Articles

Back to top button