कुलियारी–खरेगा सड़क बारिश से पहले होगी पूरी, देवपुर में विकास कार्यों को मिलेगी गति

देवपुर में सार्वजनिक कला मंच और अटल व्यवसायिक परिसर बनेगा
आजीविका, स्किल और पर्यटन की संभावनाओं पर कलेक्टर का फोकस
धमतरी -जिले के विकासखंड धमतरी अंतर्गत ग्राम पंचायत देवपुर में विकास कार्यों को लेकर प्रशासन सक्रिय नजर आया। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने देवपुर पहुंचकर पंच-सरपंच, महिला स्व-सहायता समूह की दीदियों और ग्रामीणों के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और गांव में आजीविका, कौशल विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान महिला समूहों की गतिविधियों की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने दूध उत्पादन और कलेक्शन की स्थिति पूछी। उन्होंने कहा कि यदि गांव में 100 लीटर तक दूध कलेक्शन होने लगे तो यहां देवभोग दूध कलेक्शन सेंटर की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही महिलाओं द्वारा हथकरघा कार्य किए जाने पर हथकरघा सेंटर की व्यवस्था कराने की भी बात कही।
कलेक्टर ने देवपुर में पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए दो कमरों का रेस्ट हाउस बनाने की घोषणा की। वहीं जिला पंचायत सदस्य मोनिका देवांगन की ओर से गांव में सार्वजनिक कला मंच और अटल व्यवसायिक परिसर निर्माण की घोषणा की गई।
कलेक्टर ने बताया कि पिछले वर्ष सुसाधन दिवस के दौरान जब वे देवपुर आए थे, तब धमतरी से यहां पहुंचने में करीब एक घंटा लगा था और सड़क की स्थिति काफी खराब थी। उन्होंने कहा कि अब कुलियारी–खरेगा सड़क का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है और इसे बारिश से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
ग्रामीण युवाओं को कौशल विकास से जोड़ने के लिए कुलियारी में संचालित स्किल सेंटर का लाभ लेने की अपील भी की गई। यहां ब्यूटी पार्लर, कंप्यूटर, नर्सिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाता है, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकते हैं।
बैठक के दौरान किसानों को रबी फसल के समय धान के स्थान पर कम पानी वाली फसल लगाने की सलाह दी गई। साथ ही देवपुर मेला परिसर को योजनाबद्ध तरीके से विकसित करने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने ग्राम पंचायत सारंगपुरी में सामुदायिक बाड़ी और वृक्षारोपण कार्यों का भी निरीक्षण किया। इस पहल से क्षेत्र में आजीविका, कौशल विकास और पर्यटन गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



