दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं, टीला एनीकट में समाई कार; पत्रकार समेत पूरे परिवार की दर्दनाक मौत
पत्रकार शीतल साहू, पत्नी भारती और बेटा-बेटी की हादसे में गई जान, पसौद गांव में पसरा मातम

दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं, टीला एनीकट में समाई कार; पत्रकार समेत पूरे परिवार की दर्दनाक मौत
पत्रकार शीतल साहू, पत्नी भारती और बेटा-बेटी की हादसे में गई जान, पसौद गांव में पसरा मातम
रायपुर/राजिम। दीपावली का पर्व जहां हर घर में खुशियां और उल्लास लेकर आया, वहीं छत्तीसगढ़ के राजिम क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। टीला एनीकट के पास देर रात एक कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार पत्रकार सहित एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पत्रकार शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू और उनके दो बच्चे शामिल हैं।
दीपावली मनाने घर लौट रहा था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, शीतल साहू अपनी पत्नी भारती साहू, 19 वर्षीय बेटे विकास और 21 वर्षीय बेटी पूर्वा के साथ रायपुर से दीपावली मनाने अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान राजिम के टीला एनीकट के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और नदी में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार चारों लोगों की जान चली गई।
पत्रकारिता जगत में शोक की लहर
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त कार पर ‘मीडिया एग्जीक्यूटिव’ लिखा हुआ था। शीतल साहू पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े हुए थे। उनके साथ पत्नी और दोनों बच्चों की असमय मौत की खबर से पत्रकारिता जगत सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही चंपारण पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल कार किन परिस्थितियों में अनियंत्रित होकर एनीकट से नीचे गिरी, इसका पता लगाया जा रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की जानकारी है।
एक परिवार के चार चिराग बुझ गए
दीपावली के दिन जिस परिवार में खुशियों के दीप जलने थे, वहां अब मातम छाया हुआ है। पसौद गांव में इस हृदयविदारक घटना के बाद शोक का माहौल है। एक साथ परिवार के चार सदस्यों को खोने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। यह हादसा पूरे इलाके को झकझोर देने वाला है।



