छत्तीसगढ़

13 नवंबर को गंगरेल में सजेगी मां अंगारमोती की ऐतिहासिक मड़ई, परण की कठिन परंपरा बनेगी विशेष आकर्षण

संतान प्राप्ति की मनोकामना लेकर सैकड़ों महिलाएं निभाएंगी परंपरा, डांग-डोली और आंगा देवों के साथ जुटेंगे देवी-देवता

13 नवंबर को गंगरेल में सजेगी मां अंगारमोती की ऐतिहासिक मड़ई, परण की कठिन परंपरा बनेगी विशेष आकर्षण

 

संतान प्राप्ति की मनोकामना लेकर सैकड़ों महिलाएं निभाएंगी परंपरा, डांग-डोली और आंगा देवों के साथ जुटेंगे देवी-देवता

विशेष लेख-  प्रेम मगेन्द्र धमतरी 

धमतरी। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, आदिम परंपराओं और सदियों पुरानी धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम एक बार फिर गंगरेल स्थित आदिशक्ति मां अंगारमोती के पावन दरबार में देखने को मिलेगा। दीपावली के बाद आने वाले पहले शुक्रवार, 13 नवंबर को यहां ऐतिहासिक मड़ई मेले का आयोजन होगा। इस मड़ई में शामिल होने के लिए धमतरी जिले के डूबान क्षेत्र सहित दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। यह आयोजन केवल एक मेला नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की विशिष्ट देव संस्कृति, लोक परंपरा और जनआस्था का जीवंत प्रतीक है।

 

डांग-डोली और आंगा देवों के साथ पहुंचेगे देवी-देवता

 

मड़ई की परंपरा के अनुसार मां अंगारमोती के पुजारी द्वारा डूबान क्षेत्र के विभिन्न गांवों के देवी-देवताओं, डांग-डोली और आंगा देवों को विधिवत आमंत्रित किया जाता है। इसके साथ ही केशकाल और बस्तर अंचल से भी आंगा देव एवं देवी-देवताओं का आगमन होता है। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज और रीति-रिवाजों के बीच पूरा मेला परिसर भक्तिमय हो उठता है।

 

इस आयोजन का विशेष आकर्षण खिरकीटोला से आने वाली माता दंतेश्वरी की अगवानी होती है। माता दंतेश्वरी के आगमन की सूचना मिलते ही परिसर में उपस्थित सभी देवी-देवता उनके स्वागत और आतिथ्य सत्कार के लिए पहुंचते हैं। इसके पश्चात सभी देवी-देवता मां अंगारमोती के दर्शन करते हैं और माता के साथ मेला परिसर की ढाई भांवर परिक्रमा करते हैं। विभिन्न गांवों के देवी-देवताओं का एक स्थान पर एकत्रित होना छत्तीसगढ़ की अनूठी देव परंपरा और सामाजिक एकता का परिचायक है।

 

संतान प्राप्ति की कामना से महिलाएं निभाती हैं ‘परण’ की कठिन परंपरा

 

मां अंगारमोती की मड़ई का सबसे अनूठा और कौतूहलपूर्ण दृश्य संतान प्राप्ति की मनोकामना लेकर आने वाली निःसंतान महिलाओं की ‘परण’ परंपरा है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार संतान सुख की कामना लेकर सैकड़ों महिलाएं माता के दरबार में पहुंचती हैं और अपनी श्रद्धा एवं विश्वास के साथ इस कठिन रस्म को निभाती हैं।

 

इस परंपरा में महिलाएं मंदिर परिसर में पेट के बल जमीन पर लेटकर परण करती हैं। उनके हाथों में नींबू, फूल और नारियल होते हैं तथा बाल खुले रहते हैं। परंपरा के अनुसार महिलाओं का सिर उत्तर और पैर दक्षिण दिशा की ओर रहता है। महिलाओं की कतार इतनी लंबी और घनी होती है कि उनके बीच पैर रखने तक की जगह नहीं बचती। इसी दौरान माता के मुख्य पुजारी और बैगा बेहद सावधानी एवं संतुलन के साथ महिलाओं के बीच उपलब्ध संकरी जगह से होकर गुजरते हैं।

 

यह दृश्य देखकर वहां मौजूद श्रद्धालु आश्चर्यचकित रह जाते हैं। मान्यता है कि माता अंगारमोती के आशीर्वाद से संतान प्राप्ति की मनोकामना पूर्ण होती है। इसी अटूट विश्वास के चलते हर वर्ष बड़ी संख्या में महिलाएं इस परंपरा में शामिल होती हैं। उनके लिए परण केवल एक धार्मिक रस्म नहीं, बल्कि मातृशक्ति के प्रति समर्पण और संतान सुख की कामना से जुड़ी गहरी आस्था है।

 

चंवर-कोकड़ी से जुड़ा है परण परंपरा का इतिहास

 

जानकारों के अनुसार परण की यह प्राचीन परंपरा उस समय से चली आ रही है, जब मां अंगारमोती का मूल स्थान चंवर-कोकड़ी हुआ करता था। महानदी और सूख नदी के संगम पर स्थित इस टापू में माता का दरबार लगता था। उस समय भी संतान प्राप्ति की कामना लेकर आने वाली महिलाएं नदी के किनारे लंबी कतारों में प्रतीक्षा करती थीं। समय के साथ माता का स्थान गंगरेल में स्थापित हो गया, लेकिन सदियों पुरानी परंपरा और श्रद्धालुओं का विश्वास आज भी कायम है।

 

दूसरे दिन होगी हरदानी, हल्दी खेलने और काट-कटाव की रस्म

 

मड़ई उत्सव के दूसरे दिन 14 नवंबर को ‘हरदानी’ की परंपरा निभाई जाएगी। इस अवसर पर सभी देवी-देवता अपने-अपने डांग-डोलियों के साथ पारंपरिक तरीके से हल्दी खेलते हैं। पूरा परिसर हल्दी के रंग और लोक उत्सव के उल्लास से सराबोर हो जाता है।

 

इसी दिन परण में शामिल महिलाओं को नदी किनारे बैठाकर पारंपरिक काट-कटाव की रस्म निभाई जाती है। स्थानीय मान्यता के अनुसार इस रस्म के माध्यम से महिलाओं की विघ्न-बाधाओं को दूर किया जाता है। इस दौरान देवी-देवता महिलाओं को अपना वचन और आशीर्वाद देते हैं। इसके बाद महिलाएं नदी में स्नान कर आंगापेन का आशीर्वाद प्राप्त करती हैं।

 

पारंपरिक सम्मान के साथ होती है देवी-देवताओं की विदाई

 

हरदानी सहित सभी पारंपरिक रस्मों के संपन्न होने के बाद पुजारियों द्वारा विभिन्न गांवों से पहुंचे देवी-देवताओं, आंगा देवों और डांग-डोलियों को पूरे सम्मान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विदाई दी जाती है। इसी के साथ मां अंगारमोती की ऐतिहासिक मड़ई का समापन होता है।

 

गंगरेल की यह मड़ई छत्तीसगढ़ की उस लोक आस्था की पहचान है, जहां पीढ़ियों से चली आ रही परंपराएं आज भी जीवंत हैं। देवी-देवताओं का मिलन, पारंपरिक अनुष्ठान और परण जैसी अनूठी रस्म इस आयोजन को प्रदेश के विशिष्ट धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में अलग पहचान दिलाती है।

 

प्रेम मगेन्द्र

धमतरी छत्तीसगढ़

Author Desk

Related Articles

Back to top button