धमतरी पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 13 अधिकारियों के तबादले

सिटी कोतवाली की कमान राजेश जगत व अर्जुनी थाना बस साइबर सेल की कमान चंद्रकांत साहू को
धमतरी। जिले में पुलिस प्रशासन को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जिला पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने आदेश जारी करते हुए निरीक्षक, उप निरीक्षक एवं सहायक उप निरीक्षक स्तर के कुल 13 अधिकारियों के तबादले किए हैं। जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश में बताया गया है कि प्रशासनिक कारणों से यह तबादले किए गए हैं, ताकि जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके तथा पुलिस कार्यप्रणाली में बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।
जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक राजेश जगत को थाना प्रभारी अर्जुनी से स्थानांतरित कर सिटी कोतवाली धमतरी का थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं निरीक्षक अवधेश साहू को रक्षित केंद्र धमतरी से थाना प्रभारी कुरूद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निरीक्षक शरद ताम्रकार को थाना प्रभारी सिहावा से स्थानांतरित कर थाना प्रभारी मगरलोड बनाया गया है, जबकि निरीक्षक चक्रधर बाघ को थाना प्रभारी नगरी से थाना प्रभारी दुगली पदस्थ किया गया है।
इसी तरह निरीक्षक अरुण साहू को थाना प्रभारी मेचका से नगरी भेजा गया है। निरीक्षक टुमनलाल उडेसना को रक्षित केंद्र धमतरी से थाना प्रभारी खल्लारी की जिम्मेदारी दी गई है। निरीक्षक चन्द्रकांत साहू को थाना प्रभारी कुरूद से थाना प्रभारी अर्जुनी बनाया गया है तथा उन्हें प्रभारी साइबर पुलिस थाना का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
इसके अलावा निरीक्षक रामकिशन मरकाम को थाना प्रभारी दुगली से रक्षित केंद्र धमतरी पदस्थ किया गया है। उप निरीक्षक लक्ष्मीशंकर मंडलेश्वर को थाना नगरी से थाना प्रभारी केरेगांव नियुक्त किया गया है। उप निरीक्षक अजय सिंह को चौकी प्रभारी बिरेझर से थाना प्रभारी सिहावा तथा उप निरीक्षक बलवीर सिंह को थाना प्रभारी केरेगांव से थाना प्रभारी मेचका की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं सहायक उप निरीक्षक प्रदीप सिंह को प्रभारी साइबर पुलिस थाना से चौकी प्रभारी बिरसिंह तथा सहायक उप निरीक्षक प्रकाश नाग को थाना प्रभारी खल्लारी से थाना दुगली पदस्थ किया गया है।
पुलिस विभाग में हुए इस प्रशासनिक फेरबदल को जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों के नए पदस्थापना से विभिन्न थानों एवं चौकियों में कार्यप्रणाली को और अधिक गतिशील बनाने में मदद मिलेगी।
जिला पुलिस कार्यालय द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश की प्रति प्रेषित कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि सभी अधिकारी अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर शीघ्र कार्यभार ग्रहण कर जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें।



