तैराकी को प्रोत्साहित करने गांव पहुंचे समाजसेवी पं. राजेश शर्मा, बच्चों को स्वस्थ जीवन के लिए किया प्रेरित

धमतरी-स्वस्थ जीवन और निरोगी काया के लिए तैराकी को सबसे प्रभावी व्यायाम बताते हुए समाजसेवी एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता पं. राजेश शर्मा इन दिनों ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर बच्चों और युवाओं को तैराकी के प्रति जागरूक करने का अभियान चला रहे हैं। आधुनिक जीवनशैली के कारण नई पीढ़ी पारंपरिक और प्राकृतिक व्यायाम से दूर होती जा रही है, जिसे ध्यान में रखते हुए वे गांव-गांव जाकर बच्चों को तैराकी सीखने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
पं. राजेश शर्मा ने ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के बीच पहुंचकर उन्हें बताया कि तैराकी केवल एक खेल नहीं बल्कि सम्पूर्ण शरीर को स्वस्थ रखने वाली महत्वपूर्ण जीवन शैली है। उन्होंने कहा कि आज के समय में बदलते खान-पान और अनियमित दिनचर्या के कारण लोगों के जीवन में अनेक प्रकार की बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में तैराकी शरीर को मजबूत बनाने के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाती है। नियमित तैराकी से शरीर में सकारात्मक हार्मोन का निर्माण होता है, जिससे व्यक्ति ऊर्जावान और स्वस्थ रहता है।
उन्होंने बच्चों से कहा कि मोबाइल और टीवी से दूर रहकर खेलकूद और व्यायाम को अपने जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। तैराकी एक ऐसा व्यायाम है जो पूरे शरीर की मांसपेशियों को सक्रिय करता है और व्यक्ति को शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत बनाता है।
पं. शर्मा ने बताया कि आने वाले समय में तैराकी को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गांवों में तैराकी प्रतियोगिताओं का आयोजन करने की योजना बनाई जा रही है, जिससे बच्चों में खेल के प्रति उत्साह बढ़ेगा और उनकी प्रतिभा को मंच मिल सकेगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को शहर के बच्चों के साथ जोड़कर उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि समाज के सभी लोगों को बच्चों के स्वास्थ्य और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आगे आना चाहिए। इसी उद्देश्य से ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि नई पीढ़ी तैराकी जैसे उपयोगी व्यायाम को अपनाकर स्वस्थ और सशक्त जीवन की ओर अग्रसर हो सके।
इस पहल को ग्रामीणों और बच्चों का भी अच्छा सहयोग मिल रहा है, जिससे क्षेत्र में खेल और स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक वातावरण बन रहा है।



