छत्तीसगढ़
राजधानी के ज्वेलरी शॉप में लगभग 1 करोड़ की चोरी, जांच में जुटी पुलिस

रायपुर। राजधानी के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स में करोड़ों की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने दुकान को निशाना बनाते हुए करीब एक करोड़ रुपए के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे चोर लक्ष्य ज्वेलरी शॉप में घुसे और बड़ी मात्रा में आभूषण चोरी कर फरार हो गए। रविवार को दुकान बंद होने के कारण कारोबारी को घटना की भनक नहीं लगी। सोमवार सुबह दुकान खोलने पर चोरी का खुलासा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वहीं, साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



