छत्तीसगढ़

किसानों की समृद्धि और कृषि के विकास के लिए भाजपा सरकार प्रतिबद्ध : शिवरतन शर्मा

भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवरतन शर्मा ने प्रेसवार्ता में गिनाईं कृषि विभाग की उपलब्धियां, धान के साथ दलहन-तिलहन और श्रीअन्न फसलों को बढ़ावा देने की योजनाओं की दी जानकारी

किसानों की समृद्धि और कृषि के विकास के लिए भाजपा सरकार प्रतिबद्ध : शिवरतन शर्मा

भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवरतन शर्मा ने प्रेसवार्ता में गिनाईं कृषि विभाग की उपलब्धियां, धान के साथ दलहन-तिलहन और श्रीअन्न फसलों को बढ़ावा देने की योजनाओं की दी जानकारी

 

धमतरी। प्रदेश में किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने, कृषि को लाभकारी बनाने और खेती में फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने के लिए भाजपा सरकार लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। इसी क्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवरतन शर्मा ने धमतरी में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश सरकार की कृषि संबंधी योजनाओं एवं उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी।

प्रेसवार्ता में शिवरतन शर्मा ने बताया कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए धान उत्पादक किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के साथ-साथ दलहन, तिलहन, मक्का, गन्ना, कोदो, कुटकी एवं रागी जैसी वैकल्पिक फसलों के उत्पादन को भी प्रोत्साहित कर रही है। सरकार का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, खेती की लागत और जोखिम को कम करना तथा कृषि को आर्थिक रूप से अधिक मजबूत बनाना है।

उन्होंने बताया कि किसान उन्नति योजना के माध्यम से धान उत्पादक किसानों को प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान के मान से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान की व्यवस्था की गई है। वहीं फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए वैकल्पिक फसल अपनाने वाले किसानों को प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान किया गया है।

 

शिवरतन शर्मा ने गन्ना उत्पादक किसानों के लिए किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए बताया कि गन्ने का मूल्य 355 रुपये से बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है। इसके अलावा दलहन एवं तिलहन फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी के माध्यम से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कोदो, कुटकी और रागी जैसी श्रीअन्न फसलों के उत्पादन एवं उपार्जन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में इन फसलों की खरीदी 15 दिसंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक प्रस्तावित है। इससे किसानों को वैकल्पिक आय के अवसर मिलेंगे और प्रदेश में मिलेट्स उत्पादन एवं प्रसंस्करण को नई पहचान मिलेगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाओं का मूल उद्देश्य किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और कृषि क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित करना है। सरकार किसानों के हित में योजनाओं को जमीन पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस, पंडित राजेश शर्मा, महेंद्र पंडित, चेतन हिंदुजा, रोहिताश मिश्रा, राकेश साहू, विजय मोटवानी, विजय साहू, अवनेंद्र साहू, अविनाश दुबे एवं नील पटेल सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Back to top button