धमतरी की यातायात व्यवस्था सुधारना होगी नई ट्रैफिक डीएसपी रूपेश कुमार की प्राथमिकता
जाम से मुक्ति, सड़क दुर्घटनाओं में कमी और सुरक्षित यातायात पर रहेगा विशेष फोकस, आम जनता और व्यापारियों के सुझावों से तैयार होगी बेहतर व्यवस्था

धमतरी की यातायात व्यवस्था सुधारना होगी नई ट्रैफिक डीएसपी रूपेश कुमार की प्राथमिकता
जाम से मुक्ति, सड़क दुर्घटनाओं में कमी और सुरक्षित यातायात पर रहेगा विशेष फोकस, आम जनता और व्यापारियों के सुझावों से तैयार होगी बेहतर व्यवस्था
धमतरी। शहर की बढ़ती आबादी, वाहनों की संख्या और लगातार बढ़ते यातायात दबाव के बीच धमतरी की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाना नई ट्रैफिक डीएसपी रूपेश कुमार के सामने बड़ी चुनौती होगी। यातायात शाखा का प्रभार संभालते ही उन्होंने पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के मार्गदर्शन में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में काम शुरू कर दिया है।
प्रभार संभालने के बाद चर्चा के दौरान डीएसपी रूपेश कुमार ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मौतों के आंकड़ों में कमी लाना तथा शहर को जाम मुक्त बनाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए आम नागरिकों, व्यापारियों और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से समन्वित प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि नगर निगम सहित संबंधित विभागों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर यातायात संबंधी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। शहरवासियों और व्यापारियों से मिलने वाले सुझावों एवं शिकायतों पर गंभीरता से अमल करते हुए यातायात व्यवस्था में आवश्यक सुधार किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि धमतरी शहर स्टेट हाईवे और नेशनल हाईवे के किनारे बसा हुआ है। शहर की दशकों पुरानी बसाहट, संकरी सड़कें और बीते कुछ वर्षों में आबादी, वाहनों की संख्या एवं व्यापारिक गतिविधियों में हुई वृद्धि के चलते यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था तैयार करना पुलिस के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। डीएसपी रूपेश कुमार इससे पहले कोंडागांव में एसडीओपी और रायपुर में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
नियमों का पालन कर यातायात पुलिस को सहयोग करें नागरिक
डीएसपी रूपेश कुमार ने आम नागरिकों से अपील की है कि नाबालिगों को वाहन चलाने न दें, शराब पीकर वाहन न चलाएं, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाएं। निर्धारित गति सीमा का पालन करें, ओवरस्पीडिंग से बचें तथा वाहन चलाते समय आवश्यकता के अनुसार अपर-डिपर लाइट का उपयोग करें।
उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस लगातार सुरक्षित यातायात और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रयासरत है, लेकिन इस अभियान की सफलता के लिए आम नागरिकों की जागरूकता और सहयोग भी उतना ही जरूरी है। नियमों का पालन और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार ही धमतरी को सुरक्षित एवं जाम मुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



