छत्तीसगढ़

ई-रिक्शा में निकले महापौर रामु रोहरा, शहर के करोड़ों के विकास कार्यों का किया औचक निरीक्षण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पेट्रोल-डीजल बचत का दिया संदेश, हाईटेक बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा


धमतरी (प्रखर) शहर में तेजी से चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेने आज सुबह नगर निगम महापौर रामु रोहरा ई-रिक्शा में सवार होकर सड़कों पर निकले। उनके साथ निगम के पार्षदगण, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माण स्थलों पर पहुंचकर कार्यों की प्रगति देखी तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महापौर रामु रोहरा ने शहर में निर्माणाधीन हाईटेक बस स्टैंड, पावर स्टेशन, सर्वसुविधायुक्त ऑडिटोरियम तथा धमतरी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसियों एवं अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और गुणवत्ता के साथ तय समय में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने प्रखर समाचार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से ईंधन बचत एवं पर्यावरण संरक्षण का किया गया आह्वान सराहनीय है। पेट्रोल-डीजल की बचत आज समय की बड़ी आवश्यकता है, इसलिए नगर निगम की ओर से ई-रिक्शा में निरीक्षण कर जनता को भी जागरूक करने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि धमतरी शहर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित बनाने लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बस स्टैंड, ऑडिटोरियम, पावर स्टेशन और रेलवे स्टेशन क्षेत्र के विकास से शहर की पहचान और मजबूत होगी तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
सुबह-सुबह महापौर को ई-रिक्शा में शहर भ्रमण करते देख लोगों में उत्साह नजर आया। नागरिकों ने इसे विकास के प्रति गंभीरता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक पहल बताया। नगर निगम द्वारा आगे भी इसी तरह नियमित निरीक्षण अभियान चलाए जाने की बात कही गई।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button