छत्तीसगढ़

हाथी अलर्ट ऐप के आंकड़ों से बड़ा खुलासा, महुआ नहीं बांस करील और तेन्दु है हाथियों की पसंद


गरियाबंद-जिले में हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने और ग्रामीणों को समय पर सतर्क करने के लिए उपयोग किए जा रहे हाथी अलर्ट ऐप से हाथियों के खान-पान को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। ऐप में दर्ज आंकड़ों के विश्लेषण से पता चला है कि हाथियों की पहली पसंद महुआ नहीं, बल्कि बांस करील और तेन्दु है।
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार हाथियों ने सबसे अधिक बार अन्य वनस्पतियों का सेवन किया, जिसे 1175 बार दर्ज किया गया। वहीं विशिष्ट प्रजातियों में हाथियों ने तेन्दु की जड़ और पत्ते सबसे ज्यादा 430 बार खाए। इसके बाद बांस करील 329 बार तथा साल की जड़ और पत्ते 323 बार हाथियों के भोजन में शामिल रहे।
आमतौर पर माना जाता है कि हाथियों को महुआ सबसे अधिक पसंद होता है, लेकिन ऐप के आंकड़ों के अनुसार हाथियों ने महुआ का सेवन 180 बार ही किया, जो अन्य कई वनस्पतियों से कम है।
इसके अलावा मोदे/मोयन की छाल और जड़ 287 बार, विभिन्न प्रकार की घास 267 बार, भेवला की जड़ और पत्ते 214 बार, छिंद जड़ 205 बार, सेन्हा/लेंडिया 129 बार तथा माहुल बेल पत्ता 125 बार दर्ज किया गया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह डेटा हाथियों के व्यवहार को समझने, जंगलों में भोजन की उपलब्धता बढ़ाने और हाथी कॉरिडोर प्रबंधन की योजना बनाने में सहायक होगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में हाथियों की मौजूदगी की समय पर जानकारी देकर जनहानि रोकने में भी ऐप उपयोगी साबित हो रहा है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button