छत्तीसगढ़

97.40 प्रतिशत अंक लाकर कंडेल की कुसुम लता ने बढ़ाया धमतरी का मान, मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित


धमतरी जिले के ग्राम कंडेल की प्रतिभाशाली छात्रा कुमारी कुसुम लता बिप्रे ने माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाईस्कूल परीक्षा में 97.40 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रदेश की प्रावीण्य सूची में पांचवां स्थान हासिल किया है। कुसुम लता की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे धमतरी जिले में खुशी का माहौल है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कुसुम लता आज जिले की अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणा बन गई हैं।
सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत धमतरी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कुसुम लता बिप्रे को मंच पर सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित कर रही हैं और सरकार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुसुम लता को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा तकनीकी शिक्षा और डिजिटल अध्ययन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से टैबलेट भी प्रदान किया।
कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने भी कुसुम लता की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। मंच पर सांसद महासमुंद रूपकुमारी चौधरी, विधायक कुरूद अजय चन्द्राकर, विधायक धमतरी ओंकार साहू, महापौर रामू रोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही और प्रतिभाशाली छात्रा के सम्मान के दौरान पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Author Desk

Related Articles

Back to top button