छत्तीसगढ़

भखारा में जलप्रदाय व्यवस्था दुरुस्त करने प्रशासन सक्रिय, मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने किया निरीक्षण


भीषण गर्मी में नगरवासियों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने पर जोर, पुरानी मोटरों को बदले जाने की तैयारी


भखारा(प्रखर)भीषण गर्मी के बीच नगरवासियों को नियमित एवं सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने नगर पंचायत प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को मुख्य नगर पालिका अधिकारी हरिकिशन पावरिया ने सिलघट (कौही) स्थित पानी सप्लाई केंद्र एवं रामपुर फिल्टर प्लांट पहुंचकर जलप्रदाय व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इंटेक प्लांट, मोटर पंप, जलस्रोत और पानी सप्लाई व्यवस्था की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया तथा कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी हरिकिशन पावरिया ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में नगर के सभी 15 वार्डों में पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उपयोग में लाई जा रही कई मोटरें पुरानी हो चुकी हैं, जिनके कारण भविष्य में तकनीकी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इसे ध्यान में रखते हुए जल्द ही नई मोटरों की व्यवस्था की जाएगी ताकि पानी सप्लाई में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
उन्होंने बताया कि नगर पंचायत द्वारा आपात स्थिति से निपटने के लिए स्टैंडबाय मोटरों की भी व्यवस्था की गई है। यदि किसी मोटर में खराबी आती है तो तत्काल वैकल्पिक मोटर चालू कर पानी सप्लाई को प्रभावित होने से बचाया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में पानी की बढ़ती मांग को देखते हुए जलप्रदाय व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष जनप्रतिनिधियों एवं नगर पंचायत प्रशासन द्वारा टेपनलो क्षेत्र सहित जल संकट संभावित इलाकों में विशेष ध्यान दिया गया है। यही कारण है कि वर्तमान में नगर के सभी वार्डों में पानी की सप्लाई सामान्य बनी हुई है। पिछले वर्ष कलेक्टर के निर्देशन में इंटेक क्षेत्र में अतिरिक्त बोर कराया गया था, जिससे पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध हुआ और जलप्रदाय व्यवस्था को मजबूती मिली।
निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन के मार्गदर्शन में नगर पंचायत उपाध्यक्ष विष्णु साहू, सभापति हितेंद्र साहू, छबीलाल निर्मलकर सहित नगर पंचायत के कर्मचारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों से नगरवासियों को भीषण गर्मी के बीच राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button