छत्तीसगढ़

धमतरी में विकास ने पकड़ी रफ्तार, दो फोरलेन सड़क परियोजनाओं का हुआ भूमिपूजन


धमतरी। शहर के यातायात और अधोसंरचना विकास को नई दिशा देने वाली दो महत्वपूर्ण फोरलेन सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन गुरुवार को जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में किया गया। इस अवसर पर डिवाइडर की ऊंचाई बढ़ाने के कार्य का भी शुभारंभ किया गया।
भूमिपूजन कार्यक्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, महापौर रामु रोहरा, प्रभारी निगम आयुक्त इंदिरा देहारी, जनप्रतिनिधि तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जानकारी के अनुसार रत्नाबांधा चौक से मुजगहन तक तथा सिहावा चौक से कोलियारी तक फोरलेन सड़क निर्माण कार्य कराया जाएगा। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से शहर में यातायात व्यवस्था सुगम होगी, दुर्घटनाओं में कमी आएगी तथा नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर रामु रोहरा ने कहा कि धमतरी शहर के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को स्वीकृति मिलने वाली है, जिससे शहर की आधारभूत सुविधाओं में और विस्तार होगा।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि सड़क अधोसंरचना को मजबूत बनाने के लिए प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है। फोरलेन सड़क निर्माण से न केवल यातायात सुगम होगा बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।
इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने परियोजनाओं को शहर के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित करने की बात कही। विकास कार्यों के शुभारंभ से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Author Desk

Related Articles

Back to top button