जून को गंगरेल बांध में होगी भव्य साइकिल रेसिंग प्रतियोगिता, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को दिया गया आमंत्रण

धमतरी- जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गंगरेल बांध में 14 जून को आयोजित होने वाली भव्य साइकिल रेसिंग प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस आयोजन को प्रदेश स्तर पर सफल बनाने के उद्देश्य से संस्था के अध्यक्ष खूबलाल ध्रुव एवं जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सर्वा ने नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट कर उन्हें प्रतियोगिता में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
मुलाकात के दौरान खूबलाल ध्रुव एवं अरुण सर्वा ने मुख्यमंत्री को प्रतियोगिता की रूपरेखा, उद्देश्य एवं आयोजन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, खेल भावना का विकास, पर्यावरण संरक्षण का संदेश तथा फिट इंडिया अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने आयोजन समिति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
दिल्ली प्रवास के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, मध्यप्रदेश से सांसद एवं केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर तथा छत्तीसगढ़ शासन की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से भी सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान सभी जनप्रतिनिधियों को प्रतियोगिता का आमंत्रण पत्र भेंट कर कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया गया।
सभी जनप्रतिनिधियों ने आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को मोबाइल और अन्य डिजिटल माध्यमों से बाहर निकालकर खेल गतिविधियों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। साइकिलिंग न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण का भी प्रभावी माध्यम है। इससे प्रदूषण कम करने और स्वस्थ समाज के निर्माण में मदद मिलती है।
खूबलाल ध्रुव ने बताया कि गंगरेल बांध की प्राकृतिक सुंदरता के बीच आयोजित होने वाली यह साइकिल रेसिंग प्रतियोगिता प्रतिभागियों के लिए एक यादगार अनुभव साबित होगी। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी खिलाड़ियों और साइकिलिंग प्रेमियों के भाग लेने की संभावना है। आयोजन के माध्यम से गंगरेल क्षेत्र को खेल एवं पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सहित वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों से प्राप्त मार्गदर्शन और आशीर्वाद आयोजन समिति के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इससे आयोजन को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य को सफलता मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि 14 जून को आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता जिले के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।
आयोजन समिति ने जिले के युवाओं, खेल प्रेमियों एवं नागरिकों से बड़ी संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेने और कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। :::



