30 दिनों में 1160 खिलाड़ियों को मिला विशेषज्ञ प्रशिक्षण, 63 अग्निवीर जवानों का हुआ सम्मान

ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का समापन
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया
धमतरी। जिले में खेल संस्कृति को सुदृढ़ करने, युवाओं की प्रतिभा को निखारने तथा उन्हें राष्ट्रीय एवं नअंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 30 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन नगर निगम सभागार में सम्पन्न हुआ। शिविर का आयोजन 9 मई से 8 जून तक किया गया, जिसमें जिले भर के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न खेल विधाओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
समापन कार्यक्रम मामा तालाब रोड इंदौर स्टेडियम में रखा गया था जिसमें बतौर अतिथि धमतरी विधायक ओंकार साहू, सिहावा विधायक अंबिका मरकाम, महापौर रामू रोहरा, कलेक्टर अविनाश मिश्रा, वार्ड पार्षद कुलेश सोनी, कराटे संघ अध्यक्ष अशोक सिन्हा,जिला खेल अधिकारी पीयूष तिवारी, लक्ष्मण पहलवान, सुनील निषाद मौजूद थे।
कार्यक्रम में विधायक ओंकार साहू ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ जीवनशैली का आधार है। उन्होंने कहा कि एक माह तक चले इस प्रशिक्षण शिविर में बड़ी संख्या में बच्चों और युवाओं की सहभागिता जिले में खेलों के प्रति बढ़ती जागरूकता का प्रमाण है। बच्चों ने अतिथियों के समक्ष सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल गतिविधियों और योगा का प्रदर्शन किया । भारतीय सेना में चयनित जिले के 63 अग्निवीर जवानों को बधाई दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सिहावा अम्बिका मरकाम ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर बच्चों और युवाओं के व्यक्तित्व विकास की दिशा में एक सराहनीय एवं दूरदर्शी पहल है। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता को विकसित नहीं करते, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, संघर्षशीलता और टीम भावना का भी विकास करते हैं। ऐसे प्रशिक्षण शिविर ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने जिला प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगी संस्थाओं को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि धमतरी जिले में खेल गतिविधियों के विस्तार और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर सकारात्मक कार्य हो रहे हैं, जिसके उत्साहजनक परिणाम सामने आ रहे हैं।महापौर ने कहा कि आज के युवा ही राष्ट्र के भविष्य के निर्माता हैं और खेल उन्हें स्वस्थ, अनुशासित तथा आत्मविश्वासी नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से प्राप्त प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाने, निरंतर अभ्यास करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आग्रह किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविरों से जिले में खेल संस्कृति और अधिक सशक्त होगी तथा आने वाले वर्षों में धमतरी के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी निर्माण करता है। उन्होंने कहा कि जिले के दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न विकासखंडों में प्रशिक्षण केन्द्र स्थापित किए गए, जिससे अधिकाधिक युवा लाभान्वित हो सके।
36 प्रशिक्षण केंद्र में समर कैम्प
सहायक खेल अधिकारी जेपी देव ने बताया कि जिले के विभिन्न विकासखंडों में 36 खेल प्रशिक्षण केन्द्रों की स्थापना की गई थी। शिविर में कुल 1160 खिलाड़ियों ने पंजीयन कर प्रशिक्षण प्राप्त किया। खिलाड़ियों को रग्बी, वॉलीबाल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, हैंडबॉल, योग, कुडो, शतरंज, बैडमिंटन, गतका, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, नेटबॉल सहित विभिन्न आधुनिक एवं पारंपरिक खेलों का प्रशिक्षण 22 व्यायाम शिक्षक, विशेषज्ञ प्रशिक्षकों, कोचों एवं राष्ट्रीय खेल संस्थान (एन.आई.एस.) प्रशिक्षकों द्वारा प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण अवधि के दौरान खिलाड़ियों को जिला प्रशासन की ओर से मेडिकल किट, स्टेशनरी सामग्री एवं सूखा पोषक आहार उपलब्ध कराया गया। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए तथा प्रत्येक केन्द्र के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। 48 नेशनल खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। वहीं प्रशिक्षकों को स्मृतिचिन्ह प्रदान कर उनके योगदान का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में यह जानकारी भी साझा की गई कि गत वर्ष आयोजित समर कैम्प में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 118 खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में चयनित होकर छत्तीसगढ़ एवं धमतरी जिले का गौरव बढ़ाया है। यह उपलब्धि जिले में खेल प्रतिभाओं के विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सफलता को दर्शाती है।
समापन समारोह में भारतीय सेना के लिए चयनित 63 अग्निवीर जवानों का विशेष सम्मान किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय ने उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में राष्ट्रसेवा, अनुशासन और समर्पण की भावना को रेखांकित करते हुए युवाओं को खेल एवं सेवा दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।
यह ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर धमतरी जिले के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में स्थापित हुआ है। व्यापक जनसहभागिता, विशेषज्ञ प्रशिक्षण और युवाओं को मिले अवसरों ने जिले में खेलों के प्रति नई ऊर्जा का संचार किया है। जिला प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें उच्च स्तर तक पहुंचाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु नगर निगम, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, जनसम्पर्क विभाग, माई भारत संगठन, खेल प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों तथा मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम को संचालन सुरेश साहू और उज्ज्वला साहू ने किया।



