केशकाल घाटी में ब्रेक फेल होने से ऑक्सीजन टैंकर पलटा, चालक की सूझबूझ से बची जान-माल की बड़ी क्षति

केशकाल घाटी में ब्रेक फेल होने से ऑक्सीजन टैंकर पलटा, चालक की सूझबूझ से बची जान-माल की बड़ी क्षति
कोंडागांव। बस्तर का प्रवेश द्वार मानी जाने वाली केशकाल घाटी में सडक़ दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार सुबह घाटी के आठवें मोड़ पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब ऑक्सीजन से भरा एक टैंकर ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर सडक़ पर पलट गया। राहत की बात यह रही कि चालक की सूझबूझ और तत्परता के चलते स्थिति गंभीर नहीं हुई और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे जगदलपुर से ओडिशा की ओर जा रहा ऑक्सीजन टैंकर केशकाल घाट के आठवें मोड़ पर पहुंचा था। इसी दौरान वाहन का ब्रेक अचानक जवाब दे गया। घाटी की तीखी ढलान और खतरनाक मोड़ के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टैंकर सडक़ पर पलट गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद सबसे बड़ी चिंता टैंकर में भरी ऑक्सीजन को लेकर थी। विशेषज्ञों के अनुसार दबावयुक्त ऑक्सीजन टैंकर दुर्घटनाग्रस्त होने पर बड़ा खतरा पैदा कर सकते हैं। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने तत्काल समझदारी दिखाते हुए टैंकर की नलकी से नियंत्रित तरीके से ऑक्सीजन का रिसाव शुरू कर दिया। इससे टैंकर के भीतर बढऩे वाले दबाव को कम किया जा सका। यदि समय रहते यह कदम नहीं उठाया जाता तो टैंकर में विस्फोट जैसी स्थिति बनने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।
हादसे की सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को खाली कराया तथा यातायात को नियंत्रित किया। प्रशासन और पुलिस की सतर्कता के चलते हालात जल्द ही सामान्य कर लिए गए। दुर्घटना में चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि टैंकर को नुकसान पहुंचा है।



