बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का जन्मदिवस श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया

बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का जन्मदिवस श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गय
धमतरी। विश्व विख्यात बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर एवं प्रख्यात हनुमान भक्त परम पूज्य पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी का जन्मदिवस श्रद्धा, उत्साह और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर देशभर में उनके अनुयायियों एवं विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों द्वारा विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में धमतरी के पुराना बस स्टैंड स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर में श्री बागेश्वर धाम के समस्त सनातन प्रेमियों द्वारा विशेष पूजा-अर्चना, हनुमान चालीसा पाठ, आरती एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीहनुमान जी के पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं राष्ट्र और धर्म सेवा के लिए विशेष प्रार्थना की गई। उपस्थित श्रद्धालुओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं तथा सनातन धर्म के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के उनके प्रयासों की सराहना की।
वक्ताओं ने कहा कि पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपने ओजस्वी प्रवचनों, श्रीहनुमान जी के प्रति अटूट भक्ति तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए देश-विदेश में निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लाखों लोगों को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों एवं राष्ट्रभक्ति से जोड़ने का कार्य किया है। उनके प्रेरक संदेशों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन, धार्मिक जागरूकता एवं सामाजिक समरसता को नई दिशा मिली है।
उन्होंने अंधविश्वास, सामाजिक कुरीतियों एवं विभाजनकारी सोच के विरुद्ध जनजागरण का संदेश देते हुए लोगों को धर्म, सेवा, संस्कार और राष्ट्रहित के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया है। उनके मार्गदर्शन से बड़ी संख्या में युवा वर्ग सनातन संस्कृति के प्रति जागरूक होकर समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभा रहा है।
इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने ईश्वर से प्रार्थना की कि पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु, ऊर्जा एवं शक्ति प्रदान करें, ताकि वे निरंतर सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार, राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण के कार्यों में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते रहें। श्रद्धालुओं ने उनके दीर्घ एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए समाज में आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक जागरण के उनके अभियान के निरंतर सफल होने की प्रार्थना की।
कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद एवं भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण रहा और जय श्रीराम तथा जय बजरंगबली के जयघोष गूंजते रहे।
कार्यक्रम में हनुमान मंदिर के पुजारी खेमराज तिवारी सहित सूरज शर्मा, ऋषभ जैन, सुमित चावला, पंकज लालवानी, विकास शर्मा, दिलीप पटेल, तन्मय सोनी, आदर्श तिवारी, कार्तिक जैन, अभिषेक कोटवानी, अमित देवानी, दिनेश पाहुजा, आकाश भोजवानी, अक्षय सचदेव, योगेश सोनी एवं श्री बागेश्वर धाम के समस्त सनातन प्रेमी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



