बरसात में बीमारियों की रोकथाम के लिए महिलाओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी, सदर उत्तर वार्ड में स्वच्छता एवं जन-जागरूकता बैठक संपन्न

बरसात में बीमारियों की रोकथाम के लिए महिलाओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी, सदर उत्तर वार्ड में स्वच्छता एवं जन-जागरूकता बैठक संपन्
धमतरी। शहर के सदर उत्तर वार्ड अंतर्गत भगत चौक एवं नूरानी चौक में महिला आरोग्य समितियों की संयुक्त बैठक आयोजित कर स्वच्छता, स्वास्थ्य सुरक्षा एवं जन-जागरूकता अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में बरसात के मौसम में फैलने वाली संक्रामक बीमारियों की रोकथाम, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा प्रत्येक घर तक जागरूकता का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए वार्ड पार्षद निलेश लूनिया ने कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी स्वास्थ्य समस्या का कारण बन सकती है। ऐसे समय में वार्ड की स्वच्छता बनाए रखना केवल नगर निगम की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने महिलाओं से आग्रह किया कि वे अपने आसपास की सफाई पर विशेष ध्यान दें तथा नालियों में कचरा डालने से बचें, ताकि जलभराव और गंदगी की स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने कहा कि महिला आरोग्य समितियां समाज में जागरूकता लाने की सबसे मजबूत कड़ी हैं। समिति की सदस्य घर-घर जाकर लोगों को साफ पेयजल का उपयोग करने, भोजन को ढंककर रखने, कचरे का उचित निस्तारण करने, मच्छरों की रोकथाम के उपाय अपनाने तथा नालियों एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित करें। इससे डेंगू, मलेरिया, उल्टी-दस्त एवं अन्य मौसमी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
बैठक में महिलाओं ने भी अपने-अपने सुझाव रखे और वार्ड में नियमित स्वच्छता अभियान चलाने, लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक करने तथा नगर निगम के साथ समन्वय बनाकर स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण तैयार करने का संकल्प लिया। उपस्थित महिलाओं ने कहा कि प्रत्येक परिवार तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाकर वार्ड को साफ, सुंदर और रोगमुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में नूरानी चौक महिला आरोग्य समिति की अध्यक्ष दर्शन सोनी, सचिव सावित्री साहू तथा भगत चौक महिला आरोग्य समिति की अध्यक्ष रेनू साहू, सचिव कौशल्या यादव सहित दोनों समितियों की सभी सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर कांता, प्रतिमा, दूज दीदी, पद्मिनी, चम्पेश्वरी, बुन्देश्वरी, कौशल्या, रेणु साहू, शकुन यादव, सावित्री, अनुसूया, दसारी बाई, परमेश्वरी, जीतू पटेल, नजमा, हेमलता, रेखा, खिलेश्वरी, टिकेश्वरी सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे। बैठक का समापन वार्ड को स्वच्छ, स्वस्थ और जागरूक बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ किया गया।



