प्रेम प्रसंग का खूनी अंत: पत्नी के साथ कथित प्रेमी को देख पति ने टंगिया से उतारा मौत के घाट
मध्य प्रदेश से धमतरी मिलने आया युवक बना हत्या का शिकार, केरगांव थाना क्षेत्र के बाजार कुर्रीडीह गांव में सनसनी
प्रेम प्रसंग का खूनी अंत: पत्नी के साथ कथित प्रेमी को देख पति ने टंगिया से उतारा मौत के घा
मध्य प्रदेश से धमतरी मिलने आया युवक बना हत्या का शिकार, केरगांव थाना क्षेत्र के बाजार कुर्रीडीह गांव में सनसन
धमतरी। जिले के केरगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बाजार कुर्रीडीह में प्रेम प्रसंग के चलते एक दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। एक विवाहित महिला से मिलने मध्य प्रदेश के मंदसौर से धमतरी पहुंचे युवक की कथित तौर पर महिला के पति ने टंगिया से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही केरगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान शंकर सूर्यवंशी, निवासी मंदसौर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि करीब एक वर्ष पहले मोबाइल फोन के माध्यम से उसकी पहचान बाजार कुर्रीडीह निवासी एक विवाहित महिला से हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और कथित तौर पर प्रेम संबंध स्थापित हो गए।
जानकारी के अनुसार बुधवार को शंकर अपनी महिला मित्र से मिलने मंदसौर से धमतरी पहुंचा था। रात के समय वह महिला के घर पर मौजूद था। इसी दौरान महिला का पति घर पहुंच गया। पुलिस के अनुसार पति ने दोनों को कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। यह देखकर वह गुस्से से आगबबूला हो गया और घर में रखी टंगिया उठाकर युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में युवक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलने पर केरगांव थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है। घटना में प्रयुक्त टंगिया भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाई जा सके।
इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। दिनभर गांव में इसी घटना की चर्चा होती रही। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की है।



