छत्तीसगढ़

भिलाई स्टील प्लांट में बड़ा हादसा: 50 फीट नीचे गिरा ओवर ब्रिज क्रेन का केबिन, ऑपरेटर गंभीर

भिलाई स्टील प्लांट में बड़ा हादसा: 50 फीट नीचे गिरा ओवर ब्रिज क्रेन का केबिन, ऑपरेटर गंभीर

दुर्ग। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) के ब्लास्ट फर्नेस क्षेत्र में शुक्रवार सुबह बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। ब्लास्ट फर्नेस के रॉ मैटेरियल एरिया में संचालित ओवर ब्रिज क्रेन नंबर-4 का केबिन अचानक लगभग 50 फीट नीचे गिर गया। हादसे में क्रेन ऑपरेटर एवं ठेका मजदूर रविंद्र चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नीचे गिरते समय केबिन बीच में एक स्टील बीम से टकरा गया, जिससे उसकी गति कुछ कम हो गई और वह सीधे जमीन पर नहीं गिरा। इससे और भी बड़ा हादसा टल गया, लेकिन केबिन के भीतर मौजूद ऑपरेटर को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं।

हादसे के तुरंत बाद घायल रविंद्र चौधरी को प्लांट की मेन मेडिकल पोस्ट पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सेक्टर-9 अस्पताल रेफर किया गया, जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती कर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही बीएसपी के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संबंधित ओवर ब्रिज क्रेन का महज चार दिन पहले ही सेफ्टी इंस्पेक्शन किया गया था और उसे संचालन के लिए सुरक्षित घोषित किया गया था। ऐसे में केबिन का अचानक टूटकर गिर जाना सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच जारी है। जांच में यह स्पष्ट होगा कि दुर्घटना तकनीकी खराबी, रखरखाव में लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुई।

Author Desk

Related Articles

Back to top button