राजधानी में स्पा सेंटरों की आड़ में अवैध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर, 10 सेंटरों की जांच

रिकॉर्ड से लेकर सीसीटीवी तक की हुई गहन जांच
रायपुर। राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा स्पा सेंटरों की आड़ में संचालित होने वाली संभावित अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से कमिश्नरेट पुलिस ने शुक्रवार को पश्चिम क्षेत्र में व्यापक आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान शहर के 10 स्पा सेंटरों की सघन जांच की गई और संचालकों को नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। इसमें पश्चिम क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्तों के साथ सरस्वती नगर, आजाद चौक और डी.डी. नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।
दस्तावेज, कर्मचारियों और सीसीटीवी की हुई जांच
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने स्पा सेंटरों में संचालित गतिविधियों, कर्मचारियों के पहचान पत्र एवं सत्यापन, आगंतुकों का रिकॉर्ड, वैधानिक दस्तावेज, लाइसेंस तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशील स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही यह भी जांचा गया कि स्पा सेंटर निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुरूप संचालित हो रहे हैं या नहीं।
संचालकों को दी सख्त चेतावनी
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने संचालकों को कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने, सभी अभिलेख अद्यतन रखने, सीसीटीवी कैमरे हर समय चालू रखने और शासन के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी भी स्पा सेंटर में नियमों के उल्लंघन या अवैध गतिविधि पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।



