ममता बनर्जी का भाजपा पर तीखा हमला, बोलीं— टीएमसी को खत्म करना है तो पहले मुझे मारना होगा

ममता बनर्जी का भाजपा पर तीखा हमला, बोलीं— टीएमसी को खत्म करना है तो पहले मुझे मारना होगा
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी ने शुक्रवार को जारी एक वीडियो संदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा टीएमसी नेताओं और कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने तथा पार्टी को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। ममता बनर्जी ने कहा, अगर सत्तारूढ़ पार्टी मुझे चुप कराना चाहती है या टीएमसी को खत्म करना चाहती है, तो पहले उन्हें मुझे मारना होगा।
वीडियो संदेश में ममता बनर्जी ने दावा किया कि उनकी पार्टी के कई नेताओं को निशाना बनाया गया है। उन्होंने कहा आपने किस पर हमला नहीं किया? महुआ मोइत्रा, अभिषेक बनर्जी और कल्याण बनर्जी पर हमला किया। यहां तक कि मेरे घर पर भी हमला किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके कई सहयोगियों के साथ पुलिस हिरासत में अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है। उनके अनुसार, कुछ नेताओं को फर्श पर सोने के लिए मजबूर किया गया, कुछ को कमर में रस्सी और पैरों में हथकड़ी लगाकर घुमाया गया, जबकि कुछ के सिर मुंडवा दिए गए। ममता ने इन घटनाओं को मानवाधिकारों का उल्लंघन बताते हुए इसकी निंदा की।
पार्टी में अंदरूनी संकट के बीच आया बयान
ममता बनर्जी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब तृणमूल कांग्रेस अंदरूनी मतभेद और बगावत की चुनौतियों का सामना कर रही है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि पार्टी के बागी नेताओं की सक्रियता बढ़ी है और कुछ विधायकों के असंतोष की भी खबरें सामने आ रही हैं।
भाजपा में शामिल हुए टीएमसी के तीन पूर्व सांसद
इसी बीच गुरुवार को टीएमसी के तीन पूर्व सांसद— सुष्मिता देव, सुखेंदु शेखर राय और प्रकाश चिक बराइक—भाजपा में शामिल हो गए। कोलकाता के साल्ट लेक स्थित भाजपा कार्यालय में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए ममता बनर्जी ने बागी नेताओं पर पार्टी के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता को उन नेताओं को माफ नहीं करना चाहिए, जिन्होंने टीएमसी छोडक़र भाजपा का दामन थाम लिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के प्रति निष्ठा बनाए रखने और एकजुट होकर चुनौतियों का सामना करने का आह्वान किया।



