शिक्षा एवं रोजगारछत्तीसगढ़

शाला प्रवेशोत्सव में एसपी सूरज सिंह परिहार ने विद्यार्थियों को दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश

शाला प्रवेशोत्सव में एसपी सूरज सिंह परिहार ने विद्यार्थियों को दिया राष्ट्र निर्माण का संदे

धमतरी। स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला, सिंगपुर में आयोजित शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और पालकों को शिक्षा, संस्कार, अनुशासन एवं राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया।

अपने संबोधन में एसपी सूरज सिंह परिहार ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही विकसित भारत के भविष्य और राष्ट्र के वास्तविक कर्णधार हैं। उन्होंने कहा कि गुरु ही भविष्य के निर्माता हैं और विद्यार्थियों का दायित्व है कि वे अपने गुरुजनों का सम्मान करें तथा उनके मार्गदर्शन में जीवन के उच्च लक्ष्यों को प्राप्त करने का प्रयास करें।

कार्यक्रम के दौरान एसपी ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके जीवन के लक्ष्य जाने। कई विद्यार्थियों ने आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक और पुलिस अधिकारी बनने की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इन्हीं बच्चों में देश के भविष्य के उत्कृष्ट अधिकारी तैयार होंगे।

इस अवसर पर एसपी ने भारतीय संस्कृति में ऋण की अवधारणा पर चर्चा करते हुए देव ऋण, मातृ-पितृ ऋण और गुरु ऋण के साथ “राष्ट्र ऋण” की अवधारणा भी रखी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के माध्यम से राष्ट्र ऋण चुकाने का प्रयास करना चाहिए। साथ ही उन्होंने समाज में वाद-विवाद के बजाय संवाद की संस्कृति अपनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता खेमन बाई के शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित करने की घोषणा की गई। वहीं शिक्षा में तकनीक को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विद्यालय में स्थापित स्मार्ट बोर्ड (टीवी पैनल) का शुभारंभ किया गया।

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. वी.पी. चंद्रा के शिक्षा के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए एसपी सूरज सिंह परिहार ने विद्यालय के पुस्तकालय के लिए 11 हजार रुपये मूल्य की उत्कृष्ट पुस्तकों का योगदान देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर डॉ. कल्पना ध्रुव, प्राचार्य डॉ. वी.पी. चंद्रा, सरपंच लोमेश्वर साहू, थाना प्रभारी प्रमोद अमलतास, विवेक सक्सेना, लक्ष्मणराव सहित शिक्षक, पालक, ग्रामीण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Back to top button