नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए धमतरी पुलिस की विशेष कार्यशाला, 250 अधिकारियों-कर्मचारियों को मिला प्रशिक्षण
नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए धमतरी पुलिस की विशेष कार्यशाला, 250 अधिकारियों-कर्मचारियों को मिला प्रशिक्षण
धमतरी। नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी, एकरूप और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के उद्देश्य से धमतरी पुलिस ने पुलिस लाइन रूद्री स्थित कम्पोजिट भवन में एक दिवसीय विशेष कार्यशाला आयोजित की। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में आयोजित इस कार्यशाला में सेवानिवृत्त पूर्व विशेष पुलिस महानिदेशक आर.के. विज (आईपीएस) ने मुख्य वक्ता के रूप में भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA)-2023 के विधिक एवं व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया।
कार्यशाला में नवीन कानूनों के महत्वपूर्ण प्रावधान, विवेचना की नई प्रक्रियाएं, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक संकलन, प्रभावी अभियोजन और न्यायालयीन कार्यवाही में इन कानूनों के व्यवहारिक उपयोग पर विस्तार से चर्चा की गई। आर.के. विज ने कहा कि नए कानून न्याय प्रणाली को अधिक पारदर्शी, तकनीक आधारित, पीड़ित-केंद्रित और समयबद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं, इसलिए प्रत्येक पुलिस अधिकारी का विधिक रूप से दक्ष होना आवश्यक है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि बदलते विधिक परिदृश्य में पुलिस बल को लगातार प्रशिक्षण और क्षमता विकास के माध्यम से सशक्त बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण विवेचना, वैज्ञानिक साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग और सुदृढ़ अभियोजन को अपराधियों को शीघ्र दंडित कराने तथा पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने का आधार बताया।
कार्यशाला में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों, विवेचना अधिकारियों, उप निरीक्षकों, सहायक उप निरीक्षकों, प्रधान आरक्षकों, वरिष्ठ आरक्षकों, सीसीटीएनएस ऑपरेटरों और प्रशिक्षु उप निरीक्षकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रकरण आधारित उदाहरणों के माध्यम से विवेचना, डिजिटल साक्ष्य, गिरफ्तारी, तलाशी, जब्ती, अभियोजन और न्यायालयीन प्रक्रिया के व्यवहारिक पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई तथा अधिकारियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी, उप पुलिस अधीक्षक भानूप्रताप चंद्राकर, मोनिका मरावी, मीना साहू, यशकरण दीप ध्रुव, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) नगरी विपिन रंगारी, वैज्ञानिक अधिकारी अमित कुमार पटेल, डीपीओ अजय सिंह, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। लगभग 250 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रशिक्षण में सहभागिता कर नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, गुणवत्तापूर्ण विवेचना, वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन और सुदृढ़ अभियोजन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।



