बिलासपुर बाल संप्रेक्षण गृह में सुरक्षा गार्ड की हत्या, चार नाबालिग फरार

बिलासपुर बाल संप्रेक्षण गृह में सुरक्षा गार्ड की हत्या, चार नाबालिग फरार
बिलासपुर। बिलासपुर जिले के बाल संप्रेक्षण गृह में सुरक्षा गार्ड की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोमवार सुबह परिसर में सुरक्षा गार्ड का शव मिलने से हडक़ंप मच गया। मृतक की पहचान तखतपुर क्षेत्र के अरईबंद निवासी नरेंद्र कुमार खांडे के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना में बाल संप्रेक्षण गृह में रह रहे चार नाबालिगों के शामिल होने की आशंका है। आरोप है कि उन्होंने पहले सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की, फिर उनके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद गला दबाकर हत्या कर दी और मुंह में गमछा ठूंसकर मौके से फरार हो गए। बाल अपचारियों की तलाश में पुलिस ने अलग-अलग टीमों को सक्रिय कर दिया है। फॉरेंसिक टीम सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से बरामद साक्ष्य की जांच कर रही है। अब तक हत्या की वजह सामने नहीं आई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ फरार चारों नाबालिगों की तलाश में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि नरेंद्र कुमार खांडे पिछले करीब एक वर्ष से बाल संप्रेक्षण गृह में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। वहीं मृतक के परिजन खबर मिलने पर बाल संप्रेक्षण गृह पहुंचे। मृतक के परिजनों का आरोप है कि नरेंद्र कुमार खांडे को सप्ताहिक छुट्टी नहीं दी जाती है। उन्होंने दो अधिकारीयों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।



