छत्तीसगढ़

सोनम वांगचुक के समर्थन में धमतरी में मितेश जैन का एकदिवसीय अनशन, लोकतंत्र और पर्यावरण संरक्षण की उठाई आवाज

सोनम वांगचुक के समर्थन में धमतरी में मितेश जैन का एकदिवसीय अनशन, लोकतंत्र और पर्यावरण संरक्षण की उठाई आवाज

धमतरी(प्रखर) नई दिल्ली में विभिन्न मांगों को लेकर अनशन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में रविवार को धमतरी के गांधी मैदान में समाजसेवी मितेश जैन ने एकदिवसीय सांकेतिक अनशन किया। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस अनशन में शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, युवाओं और नागरिकों ने पहुंचकर अपना समर्थन व्यक्त किया।

अनशन के दौरान मितेश जैन ने कहा कि “इतिहास गवाह है कि विचारों को कभी गिरफ्तार नहीं किया जा सकता। जितना सच को दबाने का प्रयास होगा, वह उतनी ही मजबूती से लोगों के बीच पहुंचेगा। लोकतंत्र में असहमति की आवाज को दबाना किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।”

उन्होंने कहा कि सरकार को शांतिपूर्ण आंदोलनकारियों से संवाद का रास्ता अपनाना चाहिए, न कि दमन का। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर सभी तथ्यों को सार्वजनिक करने, प्रत्येक नागरिक के संवैधानिक अधिकारों का सम्मान सुनिश्चित करने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने की मांग की।

मितेश जैन ने पर्यावरण संरक्षण को विकास का अभिन्न हिस्सा बताते हुए कहा कि विकास ऐसा होना चाहिए जो प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के हितों की रक्षा करे। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और न्याय के बढ़ते व्यापारीकरण पर भी चिंता जताते हुए इन्हें आम नागरिक की पहुंच में रखने की आवश्यकता बताई।

उन्होंने कहा कि आज देशभर में उठ रही आवाज केवल सोनम वांगचुक की नहीं, बल्कि हर उस नागरिक की है जो लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना चाहता है। यदि शांतिपूर्ण विरोध को भी बलपूर्वक दबाया जाएगा तो यह लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय होगा।

एकदिवसीय अनशन को जीआर बंजारे, विक्की छाबड़ा, बजरंग गोयल, योगेश रायचूरा, घनाराम सोनी, प्रदीप जैन, रौनक अग्रवाल, कैलाश कुकरेजा, आकाश कटारिया, अमित बाघमारिया, अभिषेक ठाकुर, अभिषेक खंडेलवाल, विकास जैन, संजू साहू, कन्हैया सोनी, मनीष गोठी, मोहन ध्रुव, नवीन गजेंद्र, योगेश शर्मा, संजय शर्मा, लवलेश यादव सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने उपस्थित होकर समर्थन दिया। :::

Author Desk

Related Articles

Back to top button