1.83 करोड़ की लागत से बनेगा ऑडिटोरियम, 2 कार्यों के लिए 2.03 करोड़ मंजूर

उप मुख्यमंत्री साव के अनुमोदन के बाद स्वीकृति आदेश जारी
रायपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने बिलासपुर जिले की रतनपुर नगर पालिका के विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ 3 लाख 8 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभागीय संचालनालय ने दोनों विकास कार्यों की प्रशासनिक मंजूरी जारी कर दी है।
जारी आदेश के अनुसार, रतनपुर नगर पालिका क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त ऑडिटोरियम के निर्माण के लिए 1 करोड़ 82 लाख 98 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस परियोजना के पूरा होने से सांस्कृतिक, सामाजिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा वार्ड क्रमांक-5 में अहाता निर्माण के लिए 20 लाख 10 हजार रुपये की मंजूरी दी गई है। इस कार्य से क्षेत्र में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय नागरिकों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग का कहना है कि प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और नागरिक सुविधाओं में सुधार के उद्देश्य से विकास कार्यों को लगातार स्वीकृति दी जा रही है। रतनपुर में इन दोनों परियोजनाओं के लिए राशि स्वीकृत होने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किए जाने की उम्मीद है।



