गंदे पानी की शिकायत पर जल सभापति अखिलेश सोनकर ने लिया तत्काल संज्ञान

गंदे पानी की शिकायत पर जल सभापति अखिलेश सोनकर ने लिया तत्काल संज्ञान
धमतरी। वार्ड के कुछ इलाकों में गंदा पानी आने की शिकायत सामने आते ही नगर निगम के जल विभाग के सभापति एवं विंध्यवासिनी वार्ड पार्षद अखिलेश सोनकर ने तत्काल संज्ञान लिया और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
सभापति अखिलेश सोनकर बनिया परिवार क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने वार्डवासियों से सीधे चर्चा कर पानी की गुणवत्ता और जल आपूर्ति से जुड़ी समस्या की जानकारी ली। उन्होंने मौके से पानी का सैंपल बोतल में लिया, जिसे जांच के माध्यम से पानी की वास्तविक गुणवत्ता का पता लगाया जाएगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सभापति सोनकर ने इसकी जानकारी तत्काल नगर निगम के महापौर रामू रोहरा को भी दी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पानी की गुणवत्ता की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही।
अखिलेश सोनकर ने वार्डवासियों को आश्वस्त किया कि यदि जांच में पानी की गुणवत्ता में किसी तरह की खराबी पाई जाती है, तो उसका शीघ्र निराकरण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि महापौर रामू रोहरा के मार्गदर्शन में जल विभाग की टीम शहरवासियों तक साफ एवं स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। जल आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या की सूचना मिलने पर विभाग द्वारा तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
अखिलेश सोनकर ने कहा, “शहरवासियों को शुद्ध एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। पानी से जुड़ी हर शिकायत का गंभीरता से निराकरण किया जाएगा।”



