पेयजल आपूर्ति की शुद्धता जानने बनिया पारा में 25 विभिन्न क्षेत्रों के टेपनलो से उठाया गया सेम्पल
आमजनमानस के स्वास्थ्य की सुरक्षा हेतु उठाया जावेगा हर संभव कदम -: विजय मोटवानी

आमजनमानस के स्वास्थ्य की सुरक्षा हेतु उठाया जावेगा हर संभव कदम -: विजय मोटवानी
बनियापारा में पेयजल की शुद्धता जांचने 25 क्षेत्रों से लिए गए पानी के सैंपल
निगम और स्वास्थ्य अमले ने शुरू की जांच, जरूरत पड़ी तो प्रदेश के बाहर की मान्यता प्राप्त लैब में भी होगी जांच
धमतरी। बनियापारा वार्ड में पीलिया और डायरिया की शिकायतों के बाद नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग ने पेयजल की शुद्धता की जांच को लेकर कवायद तेज कर दी है। महापौर, आयुक्त एवं जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाने के बाद अब वार्ड के अलग-अलग क्षेत्रों से पानी के सैंपल लिए गए हैं।
बुधवार शाम तथा गुरुवार सुबह वार्ड के विभिन्न हिस्सों में पेयजल आपूर्ति करने वाले टेप नलों से सैंपल एकत्र किए गए। नगर निगम के पार्षदों एवं विभागीय पदाधिकारियों की टीम ने अलग-अलग दिशाओं से 25 स्थानों से पानी के नमूने लिए। प्रत्येक स्थान से पांच-पांच बोतलों में सैंपल एकत्र कर पानी की शुद्धता और गुणवत्ता की विभिन्न स्तरों पर जांच के लिए भेजने की तैयारी की गई है।
पानी के नमूनों की जांच नगर निगम के फिल्टर प्लांट स्थित लैब, पीएचई विभाग तथा सिंचाई विभाग की मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं में कराई जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के बाहर की मान्यता प्राप्त जांच एजेंसियों से भी पानी की गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के लोक निर्माण विभाग के अध्यक्ष विजय मोटवानी ने वार्डवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि बनियापारा ही नहीं, बल्कि शहर के सभी 40 वार्डों में आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा नगर निगम की प्राथमिकता है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव कदम उठाया जाएगा। जरूरत महसूस होने पर वार्ड में विशेष स्वास्थ्य शिविर भी लगाया जाएगा।
वहीं जल विभाग के सभापति अखिलेश सोनकर ने कहा कि घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पानी की टंकियों को अपग्रेड करने के साथ नई पाइपलाइन का विस्तार किया जा रहा है। पुरानी पाइपलाइनों में लीकेज, समय के साथ पाइप में जमा होने वाली गंदगी और अन्य कारणों से होने वाली प्रदूषण की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अध्यक्ष नीलेश लुनिया, सामान्य प्रशासन एवं विधि विभाग की अध्यक्ष हिमानी साहू, वार्ड पार्षद एवं खाद्य विभाग के अध्यक्ष पिंटू यादव तथा कुलेश सोनी सहित निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र की स्थिति का जायजा लेते हुए लोगों से भी जानकारी ली और पेयजल व्यवस्था पर लगातार निगरानी बनाए रखने की बात कही।



