छत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री आवास के 37 हितग्राहियों को मिला भवन अनुज्ञा पत्र, पक्के मकान का सपना होगा साकार

प्रधानमंत्री आवास के 37 हितग्राहियों को मिला भवन अनुज्ञा पत्र, पक्के मकान का सपना होगा साकार

 

धमतरी- महापौर रामू रोहरा के दिशा-निर्देश में शुक्रवार को नगर निगम के सभा कक्ष में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 37 हितग्राहियों को भवन अनुज्ञा पत्र वितरित किया गया। भवन अनुज्ञा पत्र मिलने के बाद हितग्राहियों में अपने पक्के मकान के निर्माण को लेकर उत्साह नजर आया।

 

इस अवसर पर भवन अनुज्ञा विभाग के प्रभारी नरेंद्र रोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से वर्षों से कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों को पक्के और सुरक्षित मकान उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है।

 

नरेंद्र रोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब परिवारों के लिए सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का आधार बन रही है। नगर निगम क्षेत्र में अब तक 1100 से अधिक आवास स्वीकृत हो चुके हैं। महापौर रामू रोहरा के प्रयासों से आवास योजना के कार्यों को भी गति मिली है और पात्र हितग्राहियों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर भवन अनुज्ञा पत्र उपलब्ध कराया जा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि भवन अनुज्ञा पत्र मिलने के बाद हितग्राही बिना अनावश्यक परेशानी के अपने पक्के मकान का निर्माण शुरू कर सकेंगे। नगर निगम की प्राथमिकता है कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे।

 

कार्यक्रम में पार्षद अज्जू देशलहरे ने हितग्राहियों से अपील करते हुए कहा कि भवन अनुज्ञा या आवास योजना के नाम पर किसी को भी पैसा न दें। यदि कोई कर्मचारी या अन्य व्यक्ति पैसे की मांग करता है तो इसकी शिकायत सीधे महापौर से करें।

 

इस दौरान पार्षद अज्जू देशलहरे, मेघराज ठाकुर, गजेन्द्र कंवर, छोटू वर्मा सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही उपस्थित रहे। भवन अनुज्ञा पत्र मिलने पर हितग्राहियों ने खुशी जताते हुए शासन और नगर निगम का आभार व्यक्त किया।

Author Desk

Related Articles

Back to top button