रुद्री में कयाकिंग अकादमी का शुभारंभ, जल पर्यटन और साहसिक खेलों को मिलेगा नया आयाम
युवाओं को प्रशिक्षण व रोजगार के अवसर, इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने अन्य जल क्रीड़ा गतिविधियों का होगा विस्तार गाना सुनाओ यह सुनाओ
रुद्री में कयाकिंग अकादमी का शुभारंभ, जल पर्यटन और साहसिक खेलों को मिलेगा नया आयाम
युवाओं को प्रशिक्षण व रोजगार के अवसर, इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने अन्य जल क्रीड़ा गतिविधियों का होगा विस्तार
धमतरी- स्वतंत्रता
दिवस के अवसर पर रुद्री बांध परिसर में कयाकिंग अकादमी का शुभारंभ किया गया। महापौर नगर निगम धमतरी रामू रोहरा ने अकादमी का शुभारंभ किया। इस पहल से जिले में जल पर्यटन, साहसिक खेलों और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन (छत्तीसगढ़) एवं कर्मा महिला स्व-सहायता समूह, रुद्री के सहयोग से शुरू की गई यह अकादमी जल आधारित साहसिक गतिविधियों को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में यहां अन्य जल क्रीड़ा गतिविधियों का भी विस्तार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जलाशय की जल गुणवत्ता सुधारने, जैविक तरीके से प्रदूषण एवं दुर्गंध कम करने तथा पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बायो क्यूब (Bio Cube) भी लगाए जाएंगे। इससे जल क्रीड़ा स्थलों को अधिक स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के साथ स्थानीय स्तर पर इको-टूरिज्म और रोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद मिलेगी।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि रुद्री बांध की प्राकृतिक सुंदरता, विशाल जलराशि और मनोरम परिवेश कयाकिंग जैसे साहसिक खेलों के लिए अनुकूल हैं। अकादमी के माध्यम से स्थानीय युवाओं और पर्यटकों को कयाकिंग का रोमांचक अनुभव मिलेगा तथा रुद्री एवं गंगरेल क्षेत्र को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।
कयाकिंग अकादमी का उद्देश्य केवल साहसिक खेलों को बढ़ावा देना नहीं है, बल्कि स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, महिला स्व-सहायता समूहों की भागीदारी बढ़ाना और पर्यटन आधारित स्थानीय आजीविका को मजबूत करना भी है।
महापौर रामू रोहरा ने कयाकिंग के फायदे बताते हुए कहा कि इससे रोमांच और मनोरंजन के साथ-साथ शारीरिक व्यायाम, जल पर्यटन को बढ़ावा और पर्यटकों के लिए नया आकर्षण मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर अकादमी का शुभारंभ ‘जल, प्रकृति और समुदाय के साथ नई शुरुआत’ के संदेश को सार्थक करता है।
इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा एवं कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्वयं कयाक में बैठकर चप्पू चलाया और कयाकिंग के रोमांच का अनुभव लिया।
कयाकिंग अकादमी का मूल संदेश “Paddle Your Way to Adventure – Live Life One Stroke at a Time” युवाओं में साहस, आत्मविश्वास और प्रकृति के प्रति जुड़ाव की भावना को प्रोत्साहित करता है।
कार्यक्रम में एसडीएम धमतरी पीयूष तिवारी, एसडीएम कुरूद नभ सिंह, जिला पंचायत सदस्य मोनिका देवांगन, सरपंच रुद्री सहित जनप्रतिनिधि, गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन (छत्तीसगढ़), कर्मा महिला स्व-सहायता समूह के सदस्य तथा अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
रुद्री बांध परिसर में शुरू हुई यह पहल धमतरी जिले में साहसिक पर्यटन, जल क्रीड़ा और स्थानीय रोजगार के नए अवसरों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। आने वाले समय में यहां पर्यटकों और साहसिक खेल प्रेमियों के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित एवं आकर्षक गतिविधियों का विस्तार किए जाने की संभावना है।



