सिहावा रोड के गड्ढों पर गरमाया मुद्दा, महेंद्र खंडेलवाल ने PWD ईई से की चर्चा

सिहावा रोड के गड्ढों पर गरमाया मुद्दा, महेंद्र खंडेलवाल ने PWD ईई से की चर्चा
धमतरी। सिहावा रोड की जर्जर हालत इन दिनों राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद गड्ढों में पानी और कीचड़ भरने से दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है, खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग जोखिम भरा साबित हो रहा है।
सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर समाजसेवी एवं भाजपा नेता महेंद्र खंडेलवाल ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता सत्येंद्र चहल से दूरभाष पर चर्चा कर समस्या से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि सिहावा रोड पर जगह-जगह बने गड्ढों के कारण राहगीरों को काफी परेशानी हो रही है और बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो गई है।
महेंद्र खंडेलवाल ने पीडब्ल्यूडी विभाग से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने और गड्ढों को भरने की मांग की, ताकि वाहन चालकों एवं राहगीरों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि यह मार्ग लगातार लोगों के आवागमन में उपयोग होता है, इसलिए इसकी खराब स्थिति को देखते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई किया जाना जरूरी है।
महेंद्र खंडेलवाल की शिकायत पर पीडब्ल्यूडी ईई सत्येंद्र चहल ने मामले का संज्ञान लेते हुए एक-दो दिन के भीतर सड़क के गड्ढों को भरने का कार्य कराने का आश्वासन दिया। विभाग की ओर से जल्द मरम्मत कार्य शुरू होने की उम्मीद से स्थानीय लोगों को भी राहत की उम्मीद जगी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति लंबे समय से परेशानी का कारण बनी हुई है। बारिश में गड्ढों का अंदाजा नहीं लगने से दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। लोगों ने विभाग से गड्ढों की तात्कालिक मरम्मत के साथ सड़क की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आने वाले समय में राहगीरों को बार-बार इसी समस्या का सामना न करना पड़े।



