शहीद की पत्नी ने सीएम साय को बांधी राखी, 800 जवानों की कलाई पर सजी ‘स्नेह की डोर’

रायपुर। राजधानी के इंडोर स्टेडियम में मंगलवार को स्नेह की डोर विष्णु भैया मोर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस दौरान मंत्री केदार कश्यप, विधायक सुनील सोनी और विधायक पुरंदर मिश्रा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में शहीद वीर जवान युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को राखी बांधी। वहीं स्कूली बच्चियों ने सीआईएसएफ, बीएसएफ और छत्तीसगढ़ पुलिस के करीब 800 जवानों की कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। इस दौरान मूकबधिर और दिव्यांग बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह भर दिया। कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन की पांच योजनाओं और प्रोजेक्ट का शुभारंभ भी किया गया।
‘जवानों के बीच राखी का अनुभव अद्भुत’
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों के बीच बहनों को राखी बांधते हुए देखना उनके लिए बेहद अद्भुत अनुभव है। उन्होंने कहा कि भाई-बहन का रिश्ता प्रेम, विश्वास और सुरक्षा का प्रतीक है। बहनें भाइयों की कलाई पर राखी बांधती हैं और भाई जीवनभर उनकी रक्षा का संकल्प लेते हैं। सीएम ने सुरक्षा बलों के जवानों के साहस और पराक्रम को नमन करते हुए कहा कि उनके संघर्ष और बलिदान के कारण देश नक्सलवाद से मुक्ति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में जवानों ने बहनों को बहुत बड़ा उपहार दिया है।
‘आज मुझे सगी बहन से बढ़कर बहन मिली’
मुख्यमंत्री ने शहीद युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा का जिक्र करते हुए कहा कि आज उन्हें एक बहन मिली है। उन्होंने कहा, मेरी कोई सगी बहन नहीं है, हम सिर्फ भाई-भाई हैं, लेकिन आज मुझे सगी बहन से बढ़कर एक बहन मिली है।
68 लाख बहनों के खातों में पहुंचेगी महतारी वंदन की किस्त
सीएम साय ने महिलाओं के लिए चल रही योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में 6 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का संकल्प लिया है। छत्तीसगढ़ में अब तक 13 लाख 85 हजार बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत बहनों को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले महीने की किस्त के रूप में 31वीं किस्त के 631 करोड़ रुपये करीब 68 लाख बहनों के खातों में भेजे जाएंगे, ताकि बहनें रक्षाबंधन का त्योहार बेहतर तरीके से मना सकें।
बस्तर के विकास को लेकर सीएम का बड़ा वादा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बस्तर में लंबे समय तक अपेक्षित विकास नहीं हो सका, लेकिन अब सरकार बस्तर संभाग के विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बस्तर में तेजी से विकास कार्य किए जाएंगे और क्षेत्र के लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।



